Edinbox Hindi

विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के पेपर लिखने वाले स्क्राइब को सम्मानित करेगा सीबीएसई, स्कूलों से मांगी जानकारी

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2025 की बोर्ड परीक्षा में विशेष आवश्यकता वाले छात्रों (CWSN) की सहायता करने वाले स्क्राइब (लेखकों) को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। बोर्ड उन स्क्राइब को प्रशंसा पत्र प्रदान करेगा जिन्होंने परीक्षा के दौरान इन छात्रों की मदद की होगी।

इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए, सीबीएसई ने सभी केंद्र अधीक्षकों और स्कूलों से आग्रह किया है कि वे ऑनलाइन परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली (OECMS) पर स्क्राइब का डेटा अपडेट करें। इससे बोर्ड को ऐसे लेखकों की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी और समय पर उन्हें प्रशंसा पत्र जारी किया जा सकेगा।

सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी 2025 से शुरू कर चुका है। इस साल, बोर्ड ने यह सुनिश्चित किया है कि जिन छात्रों को स्क्राइब सहायता प्रदान की गई है, उनकी जानकारी एडमिट कार्ड में दी जाएगी। इसमें छात्र की विकलांगता की श्रेणी और उसे मिलने वाली सुविधाएं या छूट भी शामिल होंगी।

बोर्ड ने परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे समय से पहले इन सुविधाओं की व्यवस्था करें। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर बाहरी अधीक्षक नियुक्त किया गया है, तो उस केंद्र के स्कूल को OECMS पर डेटा अपडेट करना होगा।

सीबीएसई ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी परीक्षा केंद्रों को रोजाना OECMS पोर्टल पर डेटा अपडेट करना होगा। क्योंकि परीक्षा से संबंधित सभी वित्तीय प्रक्रियाएं इसी पोर्टल के माध्यम से की जाती हैं, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि डेटा समय पर उपलब्ध कराया जाए। जिन केंद्रों पर बाहरी अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं, वहां स्कूल को OECMS पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने की पूरी व्यवस्था करनी होगी।

सीबीएसई ने संबद्धता नियमों में बदलाव किए

सीबीएसई ने स्कूलों की संबद्धता प्रक्रिया में भी कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए नियमों के तहत, 2026-27 सत्र से स्कूल अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के साथ या बिना इसके सीबीएसई संबद्धता के लिए सरस पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। अगर कोई स्कूल बिना एनओसी के आवेदन करता है, तो सीबीएसई उस स्कूल की जानकारी राज्य सरकार को भेजेगा और टिप्पणी मांगेगा।

राज्य शिक्षा विभाग को एक महीने के भीतर जवाब देना होगा। अगर कोई आपत्ति होती है, तो उसे 15 दिनों के भीतर दर्ज कराना होगा। अगर निर्धारित समय में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो सीबीएसई स्कूल के आवेदन पर विचार करेगा और संबद्धता प्रदान कर सकता है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed