
आईआईटी विशेषज्ञ अब घरेलू महिलाओं को उद्यमिता के गुर सिखाएंगे। आईआईटी दिल्ली ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली की स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups – SHGs) की महिलाओं को वित्तीय और डिजिटल साक्षरता में निपुण बनाने की योजना तैयार की है।
उद्यमिता के लिए विशेष प्रशिक्षण
इस योजना के तहत, इन छह राज्यों के हर जिले में जाकर सरकारी विभाग में पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ऑनलाइन पोर्टल और बाजार में अपने उत्पाद बेचने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें वित्तीय और डिजिटल साक्षरता के साथ-साथ यूपीआई और अन्य डिजिटल लेन-देन के माध्यमों में दक्ष बनाया जाएगा, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
आईआईटी दिल्ली की प्रोफेसर सीमा शर्मा ने बताया कि “विकसित भारत-2047” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आम महिलाओं को सशक्त बनाने की इस योजना पर काम शुरू किया गया है। इस पहल को ईएक्सएल का आर्थिक सहयोग प्राप्त हो रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा के हर जिले में इन महिलाओं को सशक्त किया जाएगा।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण और सतत मूल्यांकन
योजना के पहले चरण में 500 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को तीन दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें डिजिटल भुगतान प्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और ऑनलाइन व्यापार की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
प्रशिक्षण के बाद हर तीन महीने में इन महिलाओं के कार्य की समीक्षा की जाएगी, ताकि उनकी चुनौतियों को समझकर आवश्यक सुधार किए जा सकें। इसके तहत, महिलाओं को निरंतर सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस पहल में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के राज्य और जिला स्तरीय अधिकारी भी एसएचजी सदस्यों को संगठित करने में सहयोग कर रहे हैं।




Add comment