
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के सेक्टर-145 में माइक्रोसॉफ्ट इंडिया डेवलपमेंट सेंटर के शिलान्यास व एमएक्यू सॉफ्टवेयर के एआई इंजीनियरिंग सेंटर का उद्घाटन किया। सीएम योगी ने उत्तर भारत में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ व चेयरमैन सत्य नडेला व समस्त टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट की यह ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी खास है। यह न केवल नोएडा बल्कि समस्त उत्तर भारत के लिए आईटी सेक्टर के नए युग की शुरुआत है।
सीएम योगी ने कहा कि मुझे बताया गया है कि माइक्रोसॉफ्ट का इंडिया डेवलपमेंट सेंटर उनके मुख्यालय के बाहर रिसर्च एंड डेवलपमेंट का सबसे बड़ा सेंटर बनेगा। इस केंद्र की स्थापना हो जाने पर हैदराबाद के बाद अब उत्तर प्रदेश में माइक्रोसॉफ्ट का नवीन परिसर के रूप में घर बनने जा रहा है।
15 एकड़ क्षेत्र में बनेगा सेंटर
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माइक्रोसॉफ्ट की उपस्थिति पहले से है। नोएडा में इनके कार्यक्रम पहले से संचालित होते रहे हैं। अब इस 15 एकड़ के भूभाग में इनका ये सेंटर उत्तर प्रदेश व उत्तर भारत में प्रभावी उपस्थिति को सुनिश्चित करेगा। सीएम योगी के अनुसार, आईडीसी नोएडा एआई और क्लाउड कंप्यूटिंग के माध्यम से भारत के टेक्निकल इकोसिस्टम को न केवल सुदृढ़ता प्रदान करेगा बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को और प्रभावी ढंग से जमीनी धरातल पर उतारने के कार्य को आगे बढ़ाएगा। यह एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सिक्योरिटी जैसे इनोवेशन के हब के रूप में कार्य करेगा।
मैनुफैक्चरिंग सेक्टर में उत्तर प्रदेश के योगदान की तरफ आकृष्ट कराया ध्यान
सीएम योगी ने मैनुफैक्चरिंग सेक्टर में उत्तर प्रदेश के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि विगत 8 वर्षों में किए गए प्रयासों का ही परिणाम है कि आज मोबाइल फोन की मैनुफैक्चरिंग में 65 फीसदी हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश की है। इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स के उत्पादन में देश में उत्तर प्रदेश का योगदान 55 फीसदी के साथ नंबर एक पर है। नोएडा व ग्रेटर नोएडा तेजी के साथ इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग के हब के तौर पर उभर रहा है।
महाकुम्भ में एआई के इस्तेमाल का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हम लोगों ने जो भी कदम बढ़ाए हैं, आज उसके बहुत सकारात्मक परिणाम आए हैं। महाकुम्भ-2025 प्रयागराज में दुनिया की सबसे बड़ी ह्यूमन गैदरिंग थी जिसमें हमने एआई का उपयोग किया, जोकि एआई का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। महाकुम्भ में एआई की नवीन तकनीक का भरपूर उपयोग किया, जिसके परिणामस्वरूप 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुजन प्रयागराज आए और आस्था की पावन डुबकी लगाकर सुरक्षित अपने गंतव्य को वापस गए। उत्तर प्रदेश ने डिजिटल गवर्नेंस की दृष्टि में भी कई कदम बढ़ाए गए हैं। गांव-गांव में हम लोग खाद्यान्न वितरण के लिए ई-पॉश मशीन के माध्यम से सुगमतापूर्वक हर एक लाभार्थी को पहुंचा रहे हैं। डीबीटी के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ हर लाभार्थी तक पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है। इससे भ्रष्टाचार की कमर टूटी है। राज्य सचिवालय में ई-ऑफिस व्यवस्था को हमने प्रभावी रूप से लागू किया है।
प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा माइक्रोसॉफ्ट
माइक्रोसॉफ्ट जैसे वैश्विक दिग्गज की उत्तर प्रदेश में उपस्थिति प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी। सीएम योगी ने कहा कि यहां की यूनिवर्सिटीज व इंस्टीट्यूशंस के साथ एमओयू करते हुए माइक्रोसॉफ्ट युवाओं के स्किल डेवलपमेंट की दिशा में कार्य करेगा, जो कि सराहनीय है। सीएम योगी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि माइक्रोसॉफ्ट के रिसर्च एंड डेवलपमेंट का ये सेंटर न केवल महत्वपूर्ण सेंटर के तौर पर उभरेभरेगा बल्कि उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम भी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’, आईटी व इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह समेत माइक्रोसॉफ्ट की टीम उपस्थित रही। माइक्रोसॉफ्ट के एमओ राजीव कुमार ने सीएम योगी समेत सभी गणमान्यों का स्वागत करते हुए माइक्रोसॉफ्ट के इंडिया डेवलपमेंट सेंटर तथा देश-प्रदेश में कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।




Add comment