Edinbox Hindi

अब वेबिनार आयोजित कर दाखिले से जुड़े सवालों का जवाब देगा डीयू, PhD दाखिलों में लगा अनियमितता का आरोप

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक कोर्स के दाखिले कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी यूजी-2025) के माध्यम से होंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस बार सीयूईटी यूजी आवेदन प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए हैं, वहीं डीयू ने भी भाषाओं से संबंधित कुछ बदलाव किए हैं। इस बीच, डीयू एक वेबिनार आयोजित करने जा रहा है, जहां छात्र दाखिले, योग्यता, सीटों, फीस और अन्य महत्वपूर्ण सवालों के जवाब प्राप्त कर सकेंगे।

डीयू के डीन प्रो. हनीत गांधी ने बताया कि एनटीए द्वारा जारी पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 मार्च है। इस तिथि से पहले वेबिनार आयोजित किया जाएगा, ताकि छात्र सही तरीके से सीयूईटी यूजी के लिए आवेदन कर सकें।

दिल्ली सरकार के कॉलेजों में प्रबंध समिति की मांग
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध दिल्ली सरकार के कॉलेजों में वर्तमान में प्रबंध समिति का गठन नहीं है। इस पर डीयू के शिक्षक संगठन “फोरम ऑफ एकेडेमिक्स फॉर सोशल जस्टिस” ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद को पत्र लिखा है। पत्र में इन शिक्षकों ने दिल्ली सरकार से 28 वित्त पोषित कॉलेजों के लिए प्रबंध समिति बनाने की मांग की है। इसके बाद स्थायी शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। डॉ. हंसराज सुमन के अनुसार इन कॉलेजों में लगभग 600 शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति की जानी है।

पीएचडी दाखिलों में अनियमितता के आरोप
डूसू अध्यक्ष रौनक खत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय में पीएचडी दाखिलों में अनियमितता के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि साक्षात्कार के अंकों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे योग्य छात्रों को दाखिला नहीं मिल रहा। उन्होंने पीएचडी लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों के साथ चयनित छात्रों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की है।

रौनक खत्री ने प्रेसवार्ता में कहा कि पीएचडी दाखिला प्रक्रिया में यूजीसी के नियमों की अनदेखी हो रही है। उनके मुताबिक, नेट परीक्षा के 70 फीसदी अंक और साक्षात्कार के 30 फीसदी अंक के आधार पर दाखिला होना चाहिए, लेकिन साक्षात्कार को अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। इस मुद्दे की जांच कराने के लिए शिक्षा मंत्रालय से समिति गठित करने की मांग की गई है। हालांकि, दाखिला शाखा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed