
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा मास्टर्स (JAM) 2025 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हुए थे वे सभी अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट jam2025.iitd.ac.in या joaps.iitd.ac.in पर जाकर चेक व डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षार्थी अपने पंजीकृत खातों में लॉग इन करके अपने आईआईटी जेएएम 2025 स्कोरकार्ड पीडीएफ डाउनलोड कर सकेंगे। स्कोरकार्ड में उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त अंक, AIR रैंक समग्र और श्रेणी और JAM 2025 कट-ऑफ शामिल होंगे।
प्रत्येक टेस्ट पेपर के लिए AIR के आधार पर एक अखिल भारतीय मेरिट सूची तैयार की जाएगी। अखिल भारतीय मेरिट सूची में शामिल उम्मीदवारों की संख्या किसी दिए गए विषय में प्रत्येक श्रेणी (GEN/OBC-NCL/EWS/SC/ST/PwD) में उपलब्ध सीटों की कुल संख्या पर निर्भर करेगी। ये उम्मीदवार (जिन्हें अब योग्य उम्मीदवार कहा जाएगा) किसी भी संबंधित शैक्षणिक कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। योग्य उम्मीदवारों के लिए स्कोरकार्ड, जिसमें AIR और उम्मीदवार द्वारा प्राप्त अंक दर्शाए जाएंगे, 24 मार्च 2025 से 31 जुलाई 2025 तक JAM 2025 वेबसाइट से डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगा।
बता दें कि JAM 2025 परीक्षा का आयोजन देश भर में 2 फरवरी 2025 को किया गया था। परीक्षा तीन घंटे की थी। इस परीक्षा में 100 अंकों के 60 प्रश्न पूछे गए थे। परीक्षा में सात विषय और तीन सेक्शन थे। जेएएम परीक्षा के लिए ग्रेजुएशन योग्यता मांगी गई थी।
इससे आईआईटी समेत कई अन्य संस्थानों में M.Sc., M.Sc. (Tech), M.S रिसर्च, M.Sc.-M.Tech डुअल डिग्री, ज्वाइंट M.Sc. – PhD, MSc-PhD डुअल डिग्री जैसे कोर्स में दाखिला मिलता है।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, जैम ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रोसेसिंग सिस्टम (JOAPS) पोर्टल के माध्यम से प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 26 मार्च से 9 अप्रैल 2025 तक उपलब्ध रहेगी। अमान्य श्रेणी के उम्मीदवारों की सूची 8 मई को जैम 2025 वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।
पहली आईआईटी जैम 2025 प्रवेश सूची 26 मई को जारी की जाएगी और इस सूची में चयनित उम्मीदवारों को 30 मई तक सीट बुकिंग शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वापसी का विकल्प 7 जून से 7 जुलाई, 2025 तक खुला रहेगा। उपलब्ध सीटों को भरने के लिए अधिकतम चार राउंड में प्रवेश किया जाएगा।




Add comment