Edinbox Hindi

दिल्ली में एजुकेशन टूरिज्म को बढ़ावा देने का काम करेगी सरकार, बोलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली विश्वविद्यालय के कन्वेंशन हाल में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के सहयोग से डीयू में कोई भी काम नहीं रुकेगा और सरकार दिल्ली में एजुकेशन टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “मुझे दौलत राम कॉलेज ने नेता बनाया है। कभी यह सोचा नहीं था कि जिस कुलपति कार्यालय पर हमने धरना दिया था, आज वहां सम्मान मिलेगा।”

गौरतलब है कि जब रेखा गुप्ता ने वर्ष 1993 में दौलत राम कॉलेज में दाखिला लिया था, तो पूरे साल हड़ताल चलती रही। इस दौरान डुसू प्रतिनिधियों से संपर्क होने के बाद वे एबीवीपी से जुड़ीं और अंतिम वर्ष में डुसू अध्यक्ष बनीं। उन्होंने कहा कि “स्कूटी से डीयू और राजनीतिक कार्यक्रमों में जाती थी, तब कभी सोचा नहीं था कि जिन सड़कों पर घूम रही थी, उन्हीं सड़कों को ठीक करने की जिम्मेदारी मुझे मिलेगी।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि “डीयू की पूर्व छात्रा होने के नाते, मेरी जो भी जिम्मेदारी है, उसे निभाने में पीछे नहीं हटूंगी।”

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार और डीयू मिलकर कार्य करेंगे और डीयू का पूरा सहयोग दिल्ली सरकार को मिलेगा। उन्होंने कहा कि “किसी भी पूर्व छात्र के तरक्की करने पर विश्वविद्यालय और कॉलेज गर्व महसूस करते हैं, और रेखा गुप्ता का दिल्ली की मुख्यमंत्री बनना हम सभी के लिए गर्व और सम्मान की बात है।”

समारोह में डीयू के एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो, दौलत राम कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सविता राय, डीयू प्रॉक्टर रजनी अब्बी, डीयू दक्षिणी परिसर निदेशक प्रो. श्रीप्रकाश सिंह और डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रंजन त्रिपाठी भी उपस्थित थे। प्रिंसिपल सविता राय ने कॉलेज की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का स्वागत किया।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed