
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश सरकार ने अप्रैल 2025 में दो बड़ी भर्तियों का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि इस महीने पुलिस विभाग में 28,138 पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में 5000 महिला परिचालकों की भी भर्ती की जाएगी।
परिवहन निगम में 5000 महिला परिचालकों की संविदा पर भर्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में 5000 महिला अभ्यर्थियों की संविदा परिचालक के रूप में भर्ती की जाएगी। भर्ती की प्रक्रिया के तहत 8 अप्रैल से 17 अप्रैल 2025 तक विभिन्न शहरों में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि इन महिला अभ्यर्थियों की तैनाती उनके गृह जनपद के डिपो में ही की जाएगी।
रोजगार मेले का कार्यक्रम इस प्रकार है:
08 अप्रैल: गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, वाराणसी
11 अप्रैल: मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन, आजमगढ़
15 अप्रैल: सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूटधाम, बांदा, प्रयागराज
17 अप्रैल: नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर
इच्छुक महिला अभ्यर्थी upsrtc.com वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।
यूपी पुलिस में 28,138 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी घोषणा की है कि यूपी पुलिस में दरोगा, सिपाही, जेल वार्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर, रेडियो सहायक परिचालक और लेखा एवं गोपनीय संवर्ग के कुल 28,138 पदों को भरने की प्रक्रिया अप्रैल के अंत तक शुरू कर दी जाएगी।
भर्ती बोर्ड ने पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं और अप्रैल के अंत तक भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में बोर्ड द्वारा 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया संपन्न की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि निकट भविष्य में पुलिस विभाग में 30,000 और पदों पर भर्ती की जाएगी।




Add comment