
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) शैक्षणिक सत्र 2024-25 में बीटेक कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्रों को सत्र 2025-26 में अपनी शाखा (ब्रांच) बदलने का अवसर देने जा रहा है। इच्छुक छात्रों को 30 अप्रैल तक आवेदन करना होगा। ब्रांच बदलने के स्वीकृत मामलों की सूची 27 मई को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी। हालांकि, इस प्रक्रिया के तहत छात्र अपनी शिफ्ट (पाली) में बदलाव नहीं कर सकते।
आईपीयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवसर का लाभ वही छात्र उठा सकते हैं जिन्होंने वर्ष 2024 में बीटेक की किसी शाखा (जैसे कि कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग – CSE, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग – ECE, मैकेनिकल एंड ऑटोमेशन इंजीनियरिंग – MAE) में पहले सेमेस्टर में दाखिला लिया था और अब दो सेमेस्टर पूरे करने के बाद तीसरे सेमेस्टर में शाखा बदलना चाहते हैं।
आईपीयू प्रशासन की ओर से ब्रांच बदलने-अपग्रेड करने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि छात्र यह बदलाव उसी कॉलेज व संस्थान की उसी शिफ्ट में कर सकता है, जहां वह जिस शिफ्ट में पढ़ रहा है। उदाहरण के लिए यदि कोई छात्र बीटेक कंप्यूटर साइंस कर रहा है तो वह आईटी, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखा को ले सकता है। बदलाव की इस प्रक्रिया के तहत किसी एक संस्थान-कॉलेज से दूसरे संस्थान व कॉलेज या उसी संस्थान की दूसरी पाली से पहली पाली या पहली पाली से दूसरी पाली में आने की मंजूरी नहीं है। ब्रांच बदलने की मंजूरी पाए आवेदनों की सूची 27 मई को विवि की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
शाखा बदलने के लिए छात्रों को परफॉर्मा भरकर आईपीयू के स्कूल, संस्थान के डीन, निदेशक या प्रिंसिपल के नाम आवेदन करना होगा। इसके लिए उन्हें दो हजार रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। शाखा में बदलाव छात्रों की पहले वर्ष (पहले व दूसरे सेमेस्टर) के प्रदर्शन के आधार पर ही होगा। ब्रांच बदलने के लिए आए आवेदन से पहले डीन, निदेशक व यूनिवर्सिटी स्कूल के प्रिंसिपल को इंजीनियरिंग में खाली सीटों की जानकारी 15 अप्रैल तक निदेशक-इंचार्ज को भेजनी होगी।




Add comment