
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने नीट एमडीएस 2025 परीक्षा के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब इस परीक्षा का प्रश्न पत्र दो भागों—भाग ए और भाग बी—में बाँटा गया है। यह विभाजन समय आधारित होगा और परीक्षा कंप्यूटर आधारित ही रहेगी।
क्या है NEET MDS?
NEET MDS का फुल फॉर्म है नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट फॉर मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी। यह एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है, जिसके माध्यम से डेंटल ग्रेजुएट्स देशभर के MDS कोर्सेस में दाखिला लेते हैं।
पैटर्न में क्या है नया?
NBEMS के अनुसार, नीट एमडीएस 2025 में अब दो भाग होंगे। नीट एमडीएस के प्रश्न पत्र भाग ए में 100 प्रश्न और 1 घंटा 15 मिनट का समय दिया जाएगा। वहीं, भाग बी में 140 प्रश्न और 1 घंटा 45 मिनट का समय मिलेगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि उम्मीदवार जब तक भाग A पूरा नहीं कर लेते, वे भाग B में नहीं जा सकेंगे। एक बार किसी भाग को सबमिट करने या समय समाप्त होने के बाद ही अगले भाग में प्रवेश मिलेगा। साथ ही, किसी भाग को पूरा करने के बाद उसमें वापस जाकर बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर कदम
NBEMS ने यह बदलाव परीक्षा की सुरक्षा और निष्पक्षता को सुनिश्चित करने के लिए किया है। यह सीमित अवधि वाला पैटर्न अब NBEMS की सभी कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं पर लागू होगा, जिनमें नीट पीजी, नीट एसएस,एफएमजीई, डीएमबी-पीडीसीईटी, जीपीएटी, डीपीईई, एफडीएसटी और एफईटी शामिल हैं। यह निर्णय परीक्षा के दौरान सुरक्षा संबंधी बढ़ती चिंताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
डेमो टेस्ट का मौका
बोर्ड ने इच्छुक उम्मीदवारों को डेमो टेस्ट देने का भी अवसर दिया है। इसके लिए उम्मीदवारों को NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर NEET MDS 2025 एप्लीकेशन पोर्टल पर लॉगिन करना होगा।
परीक्षा तिथि
NEET MDS 2025 परीक्षा का आयोजन 19 अप्रैल को देशभर के विभिन्न केंद्रों पर किया जाएगा।




Add comment