
उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा एक बार फिर सामने आई है। इंडिया स्किल्स रिपोर्ट 2025 के अनुसार, यूपी के 80 फीसदी युवा गणितीय कौशल और कंप्यूटर दक्षता में देशभर में नंबर वन हैं। आलोचनात्मक सोच (क्रिटिकल थिंकिंग) में भी यूपी ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। हालांकि, अंग्रेजी दक्षता के मामले में यूपी तीसरे स्थान पर है, जहां महाराष्ट्र पहले और कर्नाटक दूसरे स्थान पर हैं।
रोजगार संसाधन में भी यूपी का दबदबा
रोजगार संसाधनों की उपलब्धता के लिहाज़ से भी यूपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में यूपी ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है, जबकि 26 से 29 वर्ष आयु वर्ग में यूपी तीसरे पायदान पर है। इंटर्नशिप के लिए इच्छुक युवाओं ने तमिलनाडु के बाद सबसे अधिक उत्तर प्रदेश को चुना है।
गणित और कंप्यूटर स्किल में यूपी अव्वल
गणितीय कौशल में यूपी ने आंध्र प्रदेश को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में मध्य प्रदेश तीसरे, पंजाब चौथे और तेलंगाना पांचवें स्थान पर हैं। कंप्यूटर दक्षता में भी यूपी के युवा देश में सबसे आगे हैं।
रोजगार प्रतिशत में महाराष्ट्र टॉप पर
रोजगार के प्रतिशत के हिसाब से महाराष्ट्र (84%) शीर्ष पर है। इसके बाद दिल्ली (78%), कर्नाटक (75%), आंध्र प्रदेश (72%), केरल (71%), और उत्तर प्रदेश (70%) आते हैं। यूपी ने गुजरात, तमिलनाडु, और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिया है।
प्रमुख रोजगार केंद्रों में लखनऊ भी शामिल
देश के प्रमुख रोजगार केंद्रों में पुणे, बंगलौर, मुंबई, दिल्ली, त्रिशूर, हैदराबाद, गुंटूर के साथ अब लखनऊ का नाम भी शामिल हो गया है, जो यूपी की बढ़ती आर्थिक और तकनीकी ताकत को दर्शाता है।
गेट (ग्लोबल एम्प्लॉयबिलिटी टेस्ट) से आंकड़े
ईटीएस व्हीबॉक्स द्वारा जारी यह रिपोर्ट गेट (ग्लोबल एम्प्लॉयबिलिटी टेस्ट) पर आधारित है, जो दुनियाभर में युवाओं की रोजगार योग्यता और कौशल क्षमता का मूल्यांकन करता है।




Add comment