Edinbox Hindi

अवध विवि में शराब पीते पकड़े गए तीन शिक्षक, निरीक्षण करने पहुंचे राज्यपाल के ओएसडी ने रंगे हाथ पकड़ा

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. पंकज एल. जानी शुक्रवार को फ़ैजाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वे विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर स्थित प्रचेता भवन का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी साइंस विभाग के एक कक्ष में तीन अतिथि प्रवक्ता शराब पीते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। उनके पास शराब की बोतल और गिलास में बने हुए पैग भी रखे थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए ओएसडी के साथ मौजूद कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने तत्काल पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शैलेन्द्र सिंह को विश्वविद्यालय बुलाया। इसके बाद सीओ सिटी तीनों अतिथि प्रवक्ता — शिव कुमार, देवेश कुमार और सुधीर सिंह — को मेडिकल परीक्षण हेतु जिला अस्पताल ले गए।

विश्वविद्यालय प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, डॉ. जानी विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों के निरीक्षण के क्रम में प्रचेता भवन पहुंचे थे। उस समय वे अंग्रेज़ी विभाग में मौजूद थे और विभागीय शिक्षकों के साथ बैठक कर रहे थे। इसी बीच उनके स्टाफ का एक सदस्य ग्राउंड फ्लोर पर गया, जहां एक बंद कमरे को खोलने पर यह आपत्तिजनक दृश्य सामने आया।

मौके पर विशेष कार्याधिकारी, कुलपति और कला संकाय के अध्यक्ष प्रो. आशुतोष सिन्हा पहुंचे। तीनों शिक्षक उस समय शराब पीते पाए गए। विशेष कार्याधिकारी ने इस कृत्य पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की और कुलपति को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

कुलपति ने तत्काल तीनों शिक्षकों को मेडिकल जांच के लिए भेजा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, ये तीनों शिक्षक अतिथि प्रवक्ता थे। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद इनके विरुद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed