
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने आगामी 70वीं संयुक्त प्रतियोगी मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है, जो 25 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इस निर्देश में विशेष रूप से कैलकुलेटर के उपयोग को लेकर स्पष्ट नियम बताए गए हैं, जो परीक्षा की विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग होंगे।
कब किस तरह का कैलकुलेटर इस्तेमाल कर सकेंगे?
नोटिस में कहा गया है कि 26 अप्रैल को सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र की परीक्षा में कैंडिडेट्स साधारण कैलकुलेटर का प्रयोग कर पाएंगे। हालांकि 29 अप्रैल को होने वाली परीक्षा में कैलकुलेटर का प्रयोग वर्जित होगा। वहीं 30 अप्रैल को वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी के वैकल्पिक विषय-गणित एवं सांख्यिकी की परीक्षा होगी, जिसमें उम्मीदवार Scientific Calculator का प्रयोग कर सकते हैं।
आधिकारिक नोटिस में और क्या कहा गया है?
BPSC ने यह भी बताया है कि कुछ उम्मीदवारों के फोटो और सिग्नेचर अस्पष्ट या गायब हैं। ऐसे उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के दिन यानी 25 अप्रैल को परीक्षा केंद्र पर एक घोषणा पत्र (Declaration Form) जमा करें, जिसे आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। उसमें राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित रंगीन फोटो चिपकानी होगी। साथ ही, एडमिट कार्ड पर भी दो रंगीन फोटो लगानी होंगी – एक पहले से सत्यापित और दूसरी परीक्षा केंद्र पर अधीक्षक की उपस्थिति में चिपकाई जाएगी।
क्या लेकर जाएं परीक्षा केंद्र?
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अधीक्षक द्वारा सभी दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जाएगी। इसके बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
उम्मीदवारों को सत्यापन के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र पर अपना BPSC 70वीं CCE एडमिट कार्ड और एक आईडी प्रूफ ले जाना होगा। उम्मीदवारों से प्राप्त सभी दस्तावेजों और विवरणों को अधीक्षक द्वारा सत्यापित करने के बाद उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी।
भर्ती का उद्देश्य
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2,035 पदों को भरा जाना है। BPSC 70वीं मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 25, 26, 28, 29 और 30 अप्रैल को किया जाएगा।




Add comment