
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) एडवांस्ड 2025 का बेसब्री से इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए राहतभरी खबर है। IIT कानपुर ने JEE Advanced 2025 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। वे छात्र जिन्होंने JEE Main 2025 में क्वालिफाई किया है, अब आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 मई 2025 निर्धारित की गई है, जबकि शुल्क का भुगतान 5 मई 2025 तक किया जा सकता है। इस बार JEE Main में 2,50,236 छात्र सफल हुए हैं, जो कि पिछले छह वर्षों में सबसे कम संख्या है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इस बार प्रतियोगिता कहीं ज्यादा कड़ी होगी। योग्य छात्रों को JEE Advanced की कठिन परीक्षा में सफलता के लिए और अधिक मेहनत की आवश्यकता होगी।
जेईई एडवांस 2025 के लिए एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को 1600 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि अन्य वर्ग के छात्रों को 3200 रुपये का भुगतान करना होगा।
JEE Advanced 2025 की परीक्षा 18 मई 2025 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:00 से 12:00 बजे और दूसरी पाली 2:30 से 5:30 बजे तक होगी।
इस परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने JEE Main 2025 के BE/B.Tech पेपर में रैंक प्राप्त की हो। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्टूबर 2000 के बाद और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्टूबर 1995 के बाद होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने 2024 या 2025 में कक्षा 12वीं PCM (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स) विषयों के साथ पास की हो।
एक उम्मीदवार लगातार दो वर्षों में केवल दो बार JEE Advanced दे सकता है। यदि किसी छात्र ने JoSAA 2024 के माध्यम से किसी IIT में एडमिशन लिया है, तो उसे दोबारा JEE Advanced में बैठने की अनुमति नहीं होगी, भले ही उसका एडमिशन बाद में रद्द क्यों न हो गया हो।




Add comment