
कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने घोषणा की कि अब फिजियोथेरेपी पाठ्यक्रमों में प्रवेश नीट (NEET) के तहत होगा। यह कदम देशभर में चिकित्सा शिक्षा को मानकीकृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि योग्यता-आधारित शिक्षा और व्यापक नैदानिक अनुभव सुनिश्चित करने हेतु पाठ्यक्रम की अवधि को पांच वर्षों तक बढ़ा दिया गया है।
नीट से बढ़ेगी शैक्षणिक गुणवत्ता और पेशेवर मानक
बेंगलुरु में आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन कर्नाटक फिजियोकॉन-25 के उद्घाटन सत्र में बोलते हुए मंत्री पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार फिजियोथेरेपी पाठ्यक्रमों को नीट के दायरे में लाने का समर्थन करती है। एक बयान में उन्होंने कहा, “हम नीट के तहत फिजियोथेरेपी पाठ्यक्रमों के एकीकरण का स्वागत करते हैं, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता और पेशेवर मानकों में सुधार होगा।”
सम्मेलन में लगभग 10,000 छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में फिजियोथेरेपिस्टों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
स्वास्थ्य सेवा में फिजियोथेरेपिस्ट की बढ़ती भूमिका
मंत्री पाटिल ने कहा कि, “फिजियोथेरेपिस्ट आज न्यूरो और आर्थोपेडिक पुनर्वास, कार्डियोपल्मोनरी देखभाल, पीडियाट्रिक्स, विकलांगता सहायता, खेल चिकित्सा, फिटनेस और सामुदायिक देखभाल जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार अधिक सरकारी कॉलेजों में फिजियोथेरेपी पाठ्यक्रमों की शुरुआत की योजना बना रही है, ताकि देश और विदेश में बढ़ती प्रशिक्षित पेशेवरों की मांग को पूरा किया जा सके।
एक राष्ट्र, एक पाठ्यक्रम की ओर कदम
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संबद्ध और स्वास्थ्य पेशेवर आयोग की अध्यक्ष यज्ञ शुक्ला ने बताया कि आयोग फिजियोथेरेपी शिक्षा में “एक राष्ट्र, एक पाठ्यक्रम” पहल शुरू करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम सुधार न केवल शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाएंगे, बल्कि छात्रों और चिकित्सकों दोनों को दूरगामी लाभ देंगे।
इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में इस्राइल, ऑस्ट्रेलिया और नेपाल समेत कई देशों के वक्ताओं तथा भारत के 50 से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस अवसर पर 800 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जिससे यह सम्मेलन फिजियोथेरेपी क्षेत्र के पेशेवरों के लिए सबसे बड़े प्लेटफार्मों में से एक बन गया।




Add comment