
टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) ने एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 जारी कर दी है, जिसमें एशिया के शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों को स्थान मिला है। इस साल 35 देशों की 853 यूनिवर्सिटीज ने इस रैंकिंग में भाग लिया, और भारत की ओर से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc) बेंगलुरु ने देश में पहला स्थान हासिल किया है, सभी भारतीय यूनिवर्सिटी और कॉलेजों को पीछे छोड़ते हुए। इस रैंकिंग में आईआईएससी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 38वां स्थान और कुल 65.2 स्कोर प्राप्त हुआ है।
दूसरे स्थान पर अन्ना यूनिवर्सिटी रही, जिसे 52.30 का स्कोर मिला। तीसरे स्थान पर आईआईटी इंदौर को रखा गया है, जिसे 131वीं अंतरराष्ट्रीय रैंक और 49.4 स्कोर प्राप्त हुआ। महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी को चौथा स्थान मिला है, जिसका स्कोर 49 रहा और रैंकिंग 140वीं रही। इसके बाद शूलिनी यूनिवर्सिटी ऑफ बॉयोटेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट साइंसेज पांचवें स्थान पर रही, जिसे 48.1 का स्कोर और 149वां स्थान प्राप्त हुआ।
छठे स्थान पर सेविता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल कॉलेज ने जगह बनाई है, जिसे 47.8 स्कोर और 149वीं रैंकिंग मिली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया देश में सातवें स्थान पर रही, जिसे 46.9 स्कोर और 161वां स्थान मिला। आठवें स्थान पर आईआईटी गुवाहाटी और KIIT यूनिवर्सिटी संयुक्त रूप से रहे, दोनों को 44.8 स्कोर और 184वीं रैंकिंग मिली। दसवें स्थान पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी रही, जिसने 44.5 स्कोर के साथ 188वां स्थान प्राप्त किया।
यह रैंकिंग शिक्षण प्रणाली, शोध, ज्ञान का प्रसार और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर तय की जाती है। इस रैंकिंग में भारत की बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता साफ़ झलकती है।




Add comment