
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 56 विभिन्न प्रोग्रामों में दाखिले हेतु कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) की परीक्षा तिथियों की घोषणा कर दी है। ये परीक्षाएं 3 मई से 18 मई 2025 तक आयोजित की जाएंगी। अधिकांश परीक्षाएं दिल्ली-एनसीआर के परीक्षा केंद्रों पर होंगी, हालांकि 3 और 4 मई को होने वाली परीक्षाएं दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ लखनऊ, जयपुर, चंडीगढ़ और कोलकाता में भी आयोजित की जाएंगी। इससे पहले, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 26 और 27 अप्रैल को होने वाली परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया था। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस. एल. भंडारकर ने बताया कि सभी परीक्षाएं पारंपरिक पेपर-पेन मोड में ली जाएंगी और अभ्यर्थी प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से लगभग पांच दिन पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी—सुबह की पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर की पाली ढाई बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। 3 मई को मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्यूनिकेशन), मास्टर ऑफ फिजियोथैरेपी, बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन, बीएससी योगा, एमएस (पैकेजिंग एंड टेक्नोलॉजी), लैटरल एंट्री टू बीटेक (डिप्लोमा धारकों के लिए), बैचलर ऑफ एजुकेशन (स्पेशल एजुकेशन) और एमएससी (मेडिसिनल केमिस्ट्री एंड ड्रग डिजाइन) की परीक्षाएं आयोजित होंगी। वहीं, 4 मई को बीबीए एंड एलाइड प्रोग्राम, पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड बीबीए-एमबीए प्रोग्राम और बैचलर ऑफ कॉमर्स (ऑनर्स) की परीक्षाएं होंगी।
डॉ. भंडारकर ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अभ्यर्थी के परीक्षा केंद्र या पाली में बदलाव के किसी अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जाएगा। 26 अप्रैल से 18 मई तक कुल 81 सीईटी आधारित कार्यक्रमों के लिए लगभग 55,000 छात्र परीक्षाएं देंगे। परीक्षाओं से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान हेतु छात्र हेल्पलाइन नंबर 25302278 या 25302263 पर संपर्क कर सकते हैं।




Add comment