
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मेडिकल एंट्रेंस परीक्षा नीट-यूजी के संदिग्ध मामलों की रिपोर्ट करने के लिए एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। एनटीए अधिकारियों के अनुसार, यह कदम पिछले वर्ष परीक्षा में कथित पेपर लीक जैसी अनियमितताओं के बाद उठाया गया है ताकि इस बार ऐसे मामलों को रोका जा सके।
प्लेटफॉर्म के जरिये कर सकेंगे संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्टिंग
एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे उन अनैतिक तत्वों के बहकावे में न आएं जो झूठे दावे कर उन्हें धोखा देने का प्रयास करते हैं। इस नए प्लेटफॉर्म के माध्यम से उम्मीदवार किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट कर सकते हैं। रिपोर्ट करने के लिए तीन प्रमुख श्रेणियां निर्धारित की गई हैं:
– अवैध वेबसाइट्स या सोशल मीडिया अकाउंट्स जो नीट प्रश्नपत्र का दावा करते हैं।
– वे व्यक्ति जो परीक्षा सामग्री प्रदान करने का दावा करते हैं।
– वे व्यक्ति जो एनटीए या सरकारी अधिकारियों के रूप में खुद को प्रस्तुत कर धोखाधड़ी का प्रयास करते हैं।
रिपोर्ट के साथ अपलोड कर सकेंगे सहायक फाइलें
एनटीए के डायरेक्टर जनरल, प्रदीप सिंह खरोल ने जानकारी दी कि रिपोर्टिंग फॉर्म काफी सरल बनाया गया है। इसमें उम्मीदवारों को उस गतिविधि का विवरण देना होगा जिसमें उन्होंने धोखाधड़ी देखी हो, साथ ही घटना का समय और स्थान भी बताना होगा। उम्मीदवार अपनी रिपोर्ट के समर्थन में फाइल भी अपलोड कर सकेंगे।
4 मई को आयोजित होगी नीट-यूजी परीक्षा
यह पहल ‘पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024’ के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में नकल और धोखाधड़ी को रोकना तथा उम्मीदवारों के भविष्य की रक्षा करना है। नीट-यूजी परीक्षा का आयोजन 4 मई को किया जाएगा। एनटीए ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध या धोखाधड़ी से संबंधित गतिविधि की सूचना इस नए प्लेटफॉर्म के माध्यम से तुरंत दें।




Add comment