Edinbox Hindi

UPSC एग्जाम में नवोदय विद्यालय के छात्रों की शानदार सफलता, 35 पूर्व छात्रों ने पास की परीक्षा

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) 2024 के नतीजों में नवोदय विद्यालयों (NVS) के छात्रों ने जबरदस्त प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया है। देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा को पास कर इन छात्रों ने न सिर्फ अपने स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि नवोदय शिक्षा मॉडल की गुणवत्ता और प्रभाव को भी साबित किया है।

इस वर्ष नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के 35 पूर्व छात्रों ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में सफलता हासिल की है। 22 अप्रैल को घोषित हुए परिणामों में 1009 से अधिक उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

इस बार प्रयागराज के शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर टॉप किया है। उनके बाद हर्षिता गोयल ने रैंक 2, और डोंगरे अर्चित पराग ने रैंक 3 हासिल की है।

शिक्षा मंत्रालय ने नवोदय विद्यालयों की इस शानदार उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि ये संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में सफल बना रहे हैं। यह सफलता राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 में दिए गए समावेशी और समान शिक्षा के विज़न को मूर्त रूप देती है।

चयनित छात्र अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित केंद्र सरकार की ग्रुप ‘A’ और ‘B’ सेवाओं में नियुक्त होंगे।

UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर पूरी मेरिट लिस्ट देखी जा सकती है। व्यक्तिगत स्कोर कार्ड 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएंगे। आयोग ने नियमों के अनुसार एक सामान्य आरक्षित सूची भी तैयार की है, साथ ही 241 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी को फिलहाल अनंतिम रूप से रखा गया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed