
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध श्री अरबिंदो कॉलेज ने एनसीयूआई ऑडिटोरियम, हौजखास में अपना 53वां वार्षिकोत्सव- 2025 बड़े धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सत्यपाल सिंह, पूर्व राज्यमंत्री, शिक्षा मंत्रालय, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर साहिद अख्तर, चेयरमैन नेशनल कमीशन फॉर माइनॉरिटी एजुकेशनल इंस्टीट्यूटसनल, कॉलेज प्रबंध समिति की चेयरपर्सन प्रो.अनन्या घोष, कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो.अरुण चौधरी व सांस्कृतिक कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. वंदना भल्ला द्वारा सैंकड़ों छात्रों को सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल, नाटक, वादविवाद प्रतियोगिताओं आदि में पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया। मीडिया संयोजक डॉ. हंसराज सुमन, प्रो. मीता माथुर, प्रोफेसर राजीव अग्रवाल, प्रो. संगीता कौल, डॉ. पी.पी. सिंह, प्रो.रश्मि माथुर, अभिनव प्रकाश व डॉ. पंक्जेन्द्र किशोर भी उपस्थित थे। मंच का संचालन डॉ. हेमा नागपाल व डॉ. शिखा नारंग ने किया।
मुख्य अतिथि सत्यपाल सिंह ने अपने संबोधन में छात्रों को शिक्षा के महत्व को बताते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाती है। उन्होंने एक कहानी के माध्यम से छात्रों को कहा कि शिक्षा वही महत्वपूर्ण है जो आपको तैरना सीखा दे। आगे उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन ही शिक्षा का मूल आधार है। श्री सिंह ने छात्रों के मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखकर कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्य हमारे जीवन को बेहतर बनाती है। बहुआयामी व्यक्तित्व और शिक्षा मनुष्य को कभी निराश नहीं करती है। छात्रों को इस वार्षिकोत्सव से यह संकल्प लेना चाहिए कि वे किसी भी क्षेत्र में जाएं तो अपने कॉलेज व अरबिंदो के विचार और दर्शन को आगे बढ़ाएं। उन्होंने महर्षि श्री अरबिंदो द्वारा दिखाए राह पर लगातार अग्रसर रहने और नई-नई उपलब्धियां हासिल करने वाले समस्त कॉलेज को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र अलग और विशेष होता है और अपनी प्रतिभा के दम पर वह अपनी एक खास पहचान बनाता है, किन्तु यह पहचान और बड़ी तभी बनती है जब वह पहचान राष्ट्र हित में काम करते हुए बनाता है। छात्र अरबिन्दो के बताए मार्ग पर चले और राष्ट्र हित में सोचे।
विशिष्ट अतिथि प्रो. साहिद अख्तर ने विद्यार्थियों को अपने सन्देश में अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरणों को साझा करते हुए कहा कि कॉलेज में बीता हुआ जीवन, जीवन के हर क्षेत्र में अनुभव के रूप में जुड़ जाता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत –2047 का सपना आप ही के कंधों पर होगा, देश को आगे बढ़ाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। छात्रों में राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्रीय बोध को लेकर युवाओं को रणनीति तैयार करनी चाहिए। कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के चेयरपर्सन प्रो. अनन्या घोष ने कॉलेज द्वारा हासिल समस्त उपलब्धियों पर अरबिंदो कॉलेज परिवार को बधाई दी एवं अपने सम्बोधन में कहा कि यह गर्वानुभूति का क्षण है। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचनाओं की कमतरी के बावजूद कॉलेज अकादमिक गैर अकादमिक दोनों क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में अपना एक नया मुकाम हासिल करने में सफल रहा है। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरुण चौधरी को इसके लिए विशेष बधाई दी और कहा कि कॉलेज को आगे बढ़ाने में वे हर संभव मदद करेंगी।
अरबिंदो कॉलेज की सालभर की अकादमिक गतिविधियों की उपलब्धियों पर रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्राचार्य प्रो. अरुण चौधरी ने कहा कि हमारे विद्यार्थी आज राष्ट्रीय ही नहीं अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हमारे विद्यार्थियों ने दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देशभर के कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वर्ण पदक सहित सिल्वर पदक प्राप्त किए। उन्होंने बताया कि नुक्कड़ नाटकों में हमारे कॉलेज की टीम ने इस बार सर्वाधिक पुरस्कार हासिल किए है । इसी तरह छात्र आयुष राव ने तीरंदाजी में ऑल इंडिया स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त किए। रोहित ने जुडो, मनीष सिंह व पारस सिंह ने जिम्नास्टिक में बेहतर प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसके लिए उन्होंने पूरे महाविद्यालय परिवार-शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारियों के सम्मिलित प्रयासों को श्रेय देते हुए कहा कि आज दिल्ली विश्वविद्यालय में हमारे कॉलेज ने अपना एक अलग स्थान बनाया है। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरुस्कार प्रदान किए। आयुष राव को तीरंदाजी के लिए व डिम्पल सिंह कबड्डी, पारस सिंह को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त कई अन्य विषयों में कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने एवं खेलों में राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले अनेक विद्यर्थीयों को प्रमाण पत्र एवं पुरुस्कार प्रदान किए गए। मीडिया संयोजक डॉ. हंसराज सुमन ने बताया कि शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ -साथ कॉलेज ने पहली बार सुरक्षा गार्ड नरेश कुमार व सफाईकर्मी अमित कुमार को भी सम्मानित किया। इसके अलावा प्रो.मीता माथुर व प्रो. अंजलि भटनागर को 25 साल सर्विस के पूरे करने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अंत में आए हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित प्रो. वंदना भल्ला ने किया।




Add comment