
सीआईएससीई ने कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे छात्र और अभिभावक रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट (cisce.org) पर जाकर देख सकते हैं। इस साल आईसीएसई 10वीं में 99.09 पास प्रतिशत रहा। 10वीं में 99.37 प्रतिशत लड़कियां और 98.84 प्रतिशत लड़के पास हुए।
वहीं आईएससी में 99.02 पास प्रतिशत रहा। आईएससी कक्षा 12 में लड़कियों का परिणाम लड़कों से बेहतर रहा। जहां लड़कों का पास प्रतिशत 98.64% था, वहीं लड़कियों ने 99.45% के साथ सफलता प्राप्त की। कुल 99,551 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 98,578 छात्र उत्तीर्ण हुए।
आईसीएसई कक्षा 10 की परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होते हैं, जबकि आईएससी कक्षा 12 के छात्रों के लिए यह सीमा 40 प्रतिशत है। जो छात्र एक या दो विषयों में पासिंग मार्क्स हासिल नहीं कर पाते, उन्हें सुधार परीक्षा (इम्प्रूवमेंट एग्जाम) देने का अवसर मिलता है। कक्षा 10 (आईसीएसई) और कक्षा 12 (आईएससी) के लिए सुधार परीक्षाएं जुलाई में आयोजित की जाएंगी।
इस वर्ष 2,695 स्कूलों से छात्र आईसीएसई (दसवीं कक्षा) परीक्षा में शामिल हुए, जिसमें 82.48% (2,223) स्कूलों ने 100% उत्तीर्ण प्रतिशत प्राप्त किया। इस साल आईसीएसई (10th) बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 27 मार्च 2025 तक आयोजित की गई थीं, जबकि आईएससी (12th) बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी से 5 अप्रैल 2025 तक चलीं।
पिछले साल 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 2,43,617 छात्र शामिल हुए थे। सीआईएससीई बोर्ड के दसवीं में पास प्रतिशत 99.47 दर्ज किया गया था। लड़कियों ने 99.65% उत्तीर्ण प्रतिशत हासिल करके लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया था। वहीं, लड़कों का पास प्रतिशत 99.31% रहा था। वहीं, पिछले साल यानी 2024 में आईएससी (12th) परीक्षा में कुल 52,765 लड़के और 47,136 लड़कियां शामिल हुई थीं, जिसमें से 1,303 लड़के और 510 लड़कियां फेल हो गई थीं। इस प्रकार, 12वीं में फेल छात्रों की कुल संख्या 1,813 रही थी।




Add comment