Edinbox Hindi

जमशेदपुर की शांभवी जायसवाल ने रचा इतिहास, 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बनीं ICSE कक्षा 10वीं की टॉपर  

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने 30 अप्रैल 2025 को कक्षा 10वीं (ICSE) और 12वीं (ISC) के परिणाम घोषित कर दिए। सुबह 11 बजे जारी हुए इन परिणामों में लड़कियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया।

ICSE कक्षा 10वीं में जमशेदपुर की शांभवी जायसवाल ने इतिहास रचते हुए 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और नेशनल टॉपर बनीं। लोयोला स्कूल, जमशेदपुर की छात्रा शांभवी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि ने न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। 100% अंक लाकर शांभवी ने देशभर में एक मिसाल कायम की है और उनके परिवार में इस उपलब्धि को लेकर जबरदस्त उत्साह और खुशी है।

शांभवी के बाद प्राची सिन्हा और शौनक गोराई ने 97.8% अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अश्रव गुप्ता और कनव चौधरी ने 97.6% अंक के साथ तीसरे स्थान पर अपना स्थान सुनिश्चित किया।

परिणामों की बात करें तो इस वर्ष लड़कियों ने दोनों कक्षाओं में लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। ICSE (10वीं) में लड़कियों का पास प्रतिशत 99.37% रहा, जबकि लड़कों का 98.64%। ISC (12वीं) में भी लड़कियों ने बढ़त बनाई, जहां उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 99.45% रहा और लड़कों का 98.64%।

शैक्षणिक दृष्टि से परीक्षा की विविधता की बात करें तो ICSE परीक्षा (10वीं) 67 विषयों में आयोजित की गई, जिनमें 20 भारतीय भाषाएं, 14 विदेशी भाषाएं और 1 शास्त्रीय भाषा शामिल थी। वहीं, ISC परीक्षा (12वीं) 47 विषयों में आयोजित हुई, जिनमें 12 भारतीय भाषाएं, 4 विदेशी भाषाएं और 2 शास्त्रीय भाषाएं शामिल थीं।

इन परिणामों ने एक बार फिर यह साबित किया है कि मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। शांभवी जैसी छात्राएं आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed