
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (Operation Sindoor) के तहत मिसाइल से हमला कर नेस्तनाबूद कर दिया है। ये ठिकाने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस हमले में कई आतंकवादी मारे गए हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र कई जिलों में एहतियातन स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राजस्थान के जैसलमेर में सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल आज बंद रहेंगे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसा राम ने बताया, “जैसलमेर जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया गया है।” इस फैसले को राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों के चलते लिया गया। आदेश में साफ कहा गया है, सरकारी हो या प्राइवेट – सभी विद्यालय आज बंद रहेंगे। इस संबंध में जिला प्रसाशन ने आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है, छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि।
भारत-पाकिस्तान के बढ़ते तनाव को देखते हुए पठानकोट जिला प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है। पठानकोट में अगले 72 घंटों तक के लिए सभी स्कूल बंद कर दिए गए है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर ने आदेश जारी कर दिए हैं। गुरदासपुर में भी तीन दिनों के लिए सारे स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसके लिए अलावा अमृतसर के भी सभी स्कूल, कॉलेज आज बन्द रखे गए हैं।
वहीं, जम्मू कश्मीर के पुंछ में भी सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को आज के लिए यानी 7 मई को बंद करने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में पुंछ के चीफ एजुकेशन ऑफिसर ने आदेश जारी किया।
बहरहाल, देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज कर दी गई है। बता दें कि भारतीय सेना की ताज़ा कार्रवाई की तैयारी 22 अप्रैल को पहलगाम में आंतकी हमले के तुरंत बाद शुरू कर दी गई थी।भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ऑपरेशन को बड़े ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। इसके अलावा भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के एक फाइटर जेट को भारतीय सेना ने मार गिराया है।




Add comment