
स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET-UG) अब 13 मई 2025 से शुरू होगी। पहले यह परीक्षा 8 मई से 1 जून 2025 के बीच आयोजित होनी थी, लेकिन NEET-UG परीक्षा की तैयारियों के चलते यह समय पर शुरू नहीं हो पाई। इस कारण राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी है। मंगलवार देर रात NTA ने नई तिथि की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की। साथ ही बताया कि 7 मई को परीक्षा केंद्रों के शहरों की सूची जारी की जाएगी।
CUET-UG के माध्यम से दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) समेत 250 से अधिक विश्वविद्यालयों में छात्रों को स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है।
CUET-UG 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 मार्च 2025 से शुरू हुई थी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 24 मार्च 2025 निर्धारित की गई थी, जबकि आवेदन शुल्क 25 मार्च 2025 तक जमा किया जा सकता था। यदि किसी अभ्यर्थी के आवेदन में कोई गलती रह गई हो, तो उसमें सुधार के लिए 26 से 28 मार्च 2025 तक का समय दिया गया था।
CUET परीक्षा कुल 37 विषयों में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में आयोजित की जाती है। इसमें 13 भाषाएं, 23 डोमेन-विशिष्ट विषय और एक सामान्य योग्यता परीक्षा शामिल होती है।




Add comment