
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने कक्षा 10वीं के नतीजों की आज घोषणा कर दी। ऐसे में जो उम्मीदवार इस साल की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवारों को अपने रोल नंबर और अन्य डिटेल की जरूरत पड़ेगी जो कि एडमिट कार्ड पर लिखा हुआ है।
इस बार कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 79.08 फीसदी रहा है। परीक्षा में बेटियों ने फिर बाजी मारी है। टाॅप 10 सूची में 88 छात्राएं व 29 छात्र शामिल हैं। न्यूगल मॉडल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल भवारना की साइना ठाकुर 99.43 प्रतिशत अंक लेकर पहले स्थान पर रही हैं। आर के सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, घंडालीन बिलासुपर की रिधिमा शर्मा ने 99.29 फीसदी अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया है। इसी तरह मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्वारघाट की मुदिता शर्मा व मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं की परणिका शर्मा ने 99.14 फीसदी अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है।
इस साल करीब 95 हज़ार छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था। कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं 4 मार्च से 22 मार्च 2025 तक आयोजित की गई थीं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 10वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं लाहाैल-स्पीति और पांगी क्षेत्र को छोड़कर 4 मार्च से शुरू हुई थीं। इस दौरान शिक्षा बोर्ड ने 2300 के करीब परीक्षा केंद्रों का गठन किया था।
2024 में 10वीं कक्षा के 91,130 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। 67988 विद्यार्थी पास हुए हैं। टाॅप टेन मेरिट सूची में कुल 92 विद्यार्थी शामिल रहे थे। टाॅपरों में 22 सरकारी और 70 निजी स्कूल के थे। प्रथम 10 स्थानों में 92 में से 71 बेटियां रहीं थीं। परीक्षा परिणाम 74.61 फीसदी रहा था।




Add comment