
हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (HBSE) ने कक्षा 10वीं का रिजल्ट आज आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया। इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट bseh.org.in पर लॉग इन करके देख सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को अपने रोल नंबर की आवश्यकता होगी। इसके अलावा छात्र डिजिलॉकर (DigiLocker) पर जाकर भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
हरियाणा बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2025 में इस बार नियमित परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 92.49% रहा, जबकि स्वयंपाठियों का परिणाम 73.08% रहा। वहीं, मुक्त विद्यालय की क्रैश कैटेगरी का परिणाम 15.79% और री-अपीयर (दोबारा परीक्षा देने वाले) का परिणाम 70.23% रहा। इस बार कुल 2,71,499 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें से 2,51,110 परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित किया गया। परीक्षा में कुल 2,42,250 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें से छात्राओं का पास प्रतिशत 94.06% रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 91.07% रहा। छात्राओं ने छात्रों से 2.99% अधिक पास प्रतिशत हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया।
पहले स्थान पर कुल पांच छात्र-छात्राएं हैं जिन्होंने समान रूप से 497 अंक प्राप्त किए हैं। इनमें रोहित, माही, रोमा, और तानिया शामिल हैं। दूसरे स्थान पर छः छात्र-छात्राएं हैं जिन्होंने 496 अंक हासिल किए हैं। इनमें अक्षित सहरावत, योगेश, रिंकू, दिव्यांशी, सुनयना, और दीक्षा शामिल हैं। तीसरे स्थान पर दस छात्र-छात्राएं हैं, जिनमें निधि, मानसी, रामा, अक्षिता, गर्विता, खुशबू, खुशी, मेघा, जीना चौहान, और इशु शामिल हैं। सभी ने 495 अंक प्राप्त किए हैं।
हरियाणा बोर्ड 10वीं कक्षा की परीक्षा 28 फरवरी से 19 मार्च तक आयोजित हुई थी।




Add comment