
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला ने आज इंटर की वार्षिक परीक्षा का परीक्षाफल जारी कर दिया। कक्षा 12वीं के छात्र अपने पंजीकरण नंबर और जन्म तिथि का उपयोग करके रिजल्ट देख सकते हैं। थ्योरी, प्रैक्टिकल और एग्रीगेट में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्रों को उत्तीर्ण घोषित किया गया है।
12वीं कक्षा में इस साल का कुल पास प्रतिशत 83.16% रहा है। परीक्षा परिणाम की घोषणा कांगड़ा डीसी और बोर्ड अध्यक्ष हेमराज बैरवा व बोर्ड सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने संयुक्त रूप से की। इस बार ओवरऑल टॉप-10 मेरिट सूची में कुल 75 विद्यार्थियों ने स्थान पाया है, जिनमें 61 छात्राएं और 14 छात्र शामिल हैं। ऊना जिले की महक ने पूरे प्रदेश में टॉप कर पहला स्थान हासिल किया है।
कक्षा 12वीं में इस बार टॉप 3 में कांगड़ा जिले की चार छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। पहला स्थान डीआर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गगरेट (ऊना) की महक ने 500 में से 486 अंक लेकर 97.2% के साथ हासिल किया। वहीं, कांगड़ा की खुशी, जाह्नवी ठाकुर और अंकिता ने समान 483 अंक लेकर दूसरे स्थान पर जगह बनाई है। तीसरे स्थान पर भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने जगह बनाई है। तीसरे स्थान पर रहीं कांगड़ा की कनिका, पलक ठाकुर, नवनीत कौर, कनक शर्मा, कृष लाहौरिया, पायल शर्मा और रिया रंगरा ने 482 अंक (96.4%) हासिल किया है।
कांगड़ा जिले की अंकिता ने आर्ट्स संकाय में शानदार प्रदर्शन करते हुए 483 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, उसी जिले की पायल शर्मा ने कॉमर्स संकाय में 482 अंकों के साथ टॉप कर कांगड़ा का नाम रोशन किया है। वह एसवीएस पब्लिक स्कूल, चंदपुरा से परीक्षा में शामिल हुई थीं।
4 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित इस परीक्षा में प्रदेश भर के 2,300 परीक्षा केंद्रों पर 93,494 अभ्यर्थियों (नियमित और एसओएस) ने भाग लिया था।




Add comment