Edinbox Hindi

डीयू के ओपन स्कूल के छात्र कर सकेंगे सिविल सेवा की तैयारी, एसओएल ने गैर-सरकारी संगठन के साथ की साझेदारी 

अब दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) के छात्र भी सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। इसके लिए एसओएल ने गैर-सरकारी संगठन समकल्प के साथ साझेदारी की है, जो छात्रों को नि:शुल्क ओरिएंटेशन और मार्गदर्शन प्रदान करेगा। यह एक 40 दिन का ऑनलाइन इंटेंसिव कोर्स है, जिसकी शुरुआत 2 जून से होगी। इस कोर्स में छात्रों को प्रतिदिन 6 घंटे की रिकॉर्डेड क्लास की सुविधा मिलेगी।

एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि यह पहली बार है जब एसओएल के छात्र औपचारिक रूप से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर पाएंगे। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि हमारे छात्रों को महंगी कोचिंग संस्थानों पर निर्भर न रहना पड़े, इसलिए समकल्प के साथ यह पहल शुरू की गई है।”

पूरी तरह नि:शुल्क कोर्स, सिर्फ पंजीकरण शुल्क 300 रुपये
हालांकि यह कोर्स पूरी तरह से नि:शुल्क है, छात्रों को केवल पंजीकरण शुल्क के रूप में 300 रुपये का भुगतान करना होगा। कोर्स के दौरान लाइव कक्षाओं के साथ-साथ पूर्व सिविल सेवा रैंक होल्डर्स के साथ वन-टू-वन इंटरेक्टिव सेशंस भी आयोजित किए जाएंगे।

छात्रों को PDF फॉर्मेट में स्टडी मटेरियल, करंट अफेयर्स, सामान्य अध्ययन, और प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक सभी जानकारी प्रदान की जाएगी।

पहला ओरिएंटेशन सेशन 31 मई को और दूसरा 1 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसमें सिविल सेवा में रैंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार छात्रों से सीधे संवाद करेंगे।

प्रो. मागो ने यह भी बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के सिर्फ दो दिनों में 115 छात्रों ने आवेदन कर दिया है। उन्होंने कहा कि एसओएल में पढ़ने वाले कई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं और यह पहल उनके सिविल सेवा के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed