
अब नौकरी करने वाले युवा भी अपने कौशल को बेहतर बना सकेंगे, क्योंकि दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (DSEU) शैक्षणिक सत्र 2025-26 से कई ऐसे कोर्स शुरू कर रहा है, जो विशेष रूप से कामकाजी युवाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं। जुलाई 2025 से शुरू होने वाले सत्र में विश्वविद्यालय 40 नए कोर्स शुरू करेगा, जिनमें पीजी डिप्लोमा, अंडरग्रेजुएट डिग्री और सर्टिफिकेट प्रोग्राम शामिल हैं।
इनमें खास बात यह है कि कई कोर्स सांध्यकालीन कक्षाओं और वीकेंड क्लास के रूप में संचालित किए जाएंगे, ताकि नौकरीपेशा छात्र बिना अपनी नौकरी छोड़े पढ़ाई कर सकें। दाखिला प्रक्रिया मई के अंत या जून की शुरुआत में शुरू होने की संभावना है।
काम के साथ पढ़ाई का मौका
कुलपति प्रो. अशोक कुमार नगावत के अनुसार, इस बार चार प्रमुख प्रोग्राम ऐसे होंगे जो या तो शाम के समय या सप्ताहांत में संचालित किए जाएंगे। चूंकि वीकेंड पर अधिकांश दफ्तर बंद रहते हैं, इसलिए युवाओं को यह विकल्प विशेष रूप से मददगार होगा।
6 बजे के बाद शुरू होंगी क्लासेस
सांध्यकालीन कक्षाओं का समय अभी तय नहीं किया गया है, लेकिन संभावना है कि इन्हें शाम 6 बजे के बाद शुरू किया जाएगा। इन कोर्स को विश्वविद्यालय की बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट से मंजूरी मिल चुकी है और इन्हें जॉब करते हुए पढ़ाई करने वाले युवाओं को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है।
इंटीग्रेटेड M.Tech और दसवीं के बाद वाले कोर्स भी
DSEU अब इमरजिंग टेक्नोलॉजी में एक 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड M.Tech प्रोग्राम भी शुरू कर रहा है, जिसमें डिप्लोमा, डिग्री और ड्यूल डिग्री का विकल्प मिलेगा। कुछ कोर्स ऐसे भी हैं जिन्हें दसवीं कक्षा के बाद किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति
फिलहाल DSEU के 22 परिसरों में 43 प्रोग्राम संचालित हो रहे हैं। यह दिल्ली सरकार के अधीन एक राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय है।
शुरू हो रहे प्रमुख नए कोर्स
डिप्लोमा कोर्स:
– सिविल इंजीनियरिंग (ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर)
– होटल मैनेजमेंट
– रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग
– वेल्डिंग टेक्नोलॉजी
– इंस्टॉलेशन एंड सोलर पैनल रिपेयर
यूजी कोर्स:
– B.Sc फिजिकल साइंसेज़, लाइफ साइंसेज़, एनवायरमेंटल साइंस
– BBA ऑफिस मैनेजमेंट (AI ड्रिवन)
– BS एंटरप्रेन्योरशिप, फैसिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट
– B.Design इन जेम्स एंड ज्वैलरी डिजाइन
– UG सर्टिफिकेट इन AI, फूड प्रोडक्शन, कनर्जवेशन ऑफ टेक्सटाइल व पेपर
पीजी डिप्लोमा व मास्टर प्रोग्राम:
– सेमीकंडक्टर चिप डिजाइन एंड फैब्रिकेशन
– डायलेसिस थैरेपी टेक्नोलॉजी
– इमरजेंसी मेडिकल टेक्नोलॉजी
– स्मार्ट ऑफिस मैनेजमेंट
– MS इन क्वांटम कंप्यूटिंग, नेनो टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबिलिटी साइंसेज़
सांध्यकालीन / वीकेंड कोर्स
(खास नौकरीपेशा युवाओं के लिए)
– MBA इन फाइनेंस
– PG डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट
– PG डिप्लोमा इन डेटा एनालिसिस एंड पब्लिक पॉलिसी
– PG डिप्लोमा इन AI एंड इंटेलिजेंट सिस्टम
अब युवाओं को नौकरी और पढ़ाई में से किसी एक को चुनने की मजबूरी नहीं रहेगी। DSEU के ये नए कोर्स न केवल स्किल बढ़ाएंगे, बल्कि उन्हें करियर में तेजी से आगे बढ़ने में भी मदद करेंगे।




Add comment