Edinbox Hindi

यूपी पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा की नई तिथियां घोषित, 5 से 13 जून के बीच होगी परीक्षा

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (JEECUP) ने JEECUP 2025 के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले यह परीक्षा 20 से 28 मई 2025 के बीच होनी थी, लेकिन पंजीकरण की अंतिम तिथि को 20 मई तक बढ़ा दिए जाने के कारण परीक्षा की तिथियों में भी बदलाव किया गया है। नया कार्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर उपलब्ध है।

नई परीक्षा तिथि: 5 से 13 जून 2025
जारी अधिसूचना के अनुसार, JEECUP 2025 की ऑनलाइन परीक्षा अब 5 जून से 13 जून 2025 के बीच आयोजित की जाएगी। यह परीक्षाएं ग्रुप A, B, C, D, E1, E2, F, G, H, I, K और L के लिए होंगी।

विशेष ध्यान देने योग्य है कि 7 जून को राजपत्रित अवकाश होने के कारण उस दिन परीक्षा नहीं होगी, जबकि 13 जून को आरक्षित दिवस रखा गया है, ताकि किसी विशेष परिस्थिति में उस दिन परीक्षा कराई जा सके।

उत्तर कुंजी और परिणाम की तिथि
परीक्षा के सफल आयोजन के बाद, 13 जून से 15 जून 2025 के बीच गोपनीय और संवेदनशील कार्यों के तहत उत्तर कुंजी से संबंधित आपत्तियां प्राप्त कर उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 21 जून 2025 को संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEECUP) 2025 का परिणाम घोषित किया जाएगा।

परीक्षा पैटर्न
पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के प्रश्न पत्र में कुल 100 प्रश्न होंगे। सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ प्रकार (Multiple Choice Questions) होंगे, जिनमें चार विकल्प दिए जाएंगे और केवल एक उत्तर सही होगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलेंगे और कोई नकारात्मक अंकन नहीं किया जाएगा।

काउंसलिंग प्रक्रिया
परीक्षा संपन्न होने के बाद मुख्य काउंसलिंग प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जबकि विशेष काउंसलिंग का आयोजन चौथे चरण में किया जाएगा।

यह परीक्षा उत्तर प्रदेश के पॉलिटेक्निक और औद्योगिक सुरक्षा जैसे तकनीकी कोर्सों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed