
अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे भारतीय और अन्य अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। अमेरिकी दूतावास ने एक सख्त चेतावनी जारी की है, जिसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए भी साझा की गई है।
इस चेतावनी में दूतावास ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई छात्र बिना सूचना दिए क्लास अटेंड नहीं करता या बीच में ही पढ़ाई छोड़ देता है, तो उसका स्टूडेंट वीजा रद्द किया जा सकता है। इतना ही नहीं, भविष्य में उस छात्र को अमेरिका का वीजा दोबारा मिलने की संभावना भी खत्म हो सकती है। इस चेतावनी के बाद कई छात्रों में चिंता की लहर है।
यह एडवाइजरी खास तौर पर उन छात्रों के लिए है जो हर साल अमेरिका में हायर एजुकेशन के लिए जाते हैं। दूतावास ने कहा है कि अगर छात्र कुछ सामान्य लेकिन गंभीर नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
दूतावास की पोस्ट में कहा गया है कि ड्रॉपआउट होना, क्लास बंक करना या अपने प्रोग्राम को बिना यूनिवर्सिटी को सूचित किए छोड़ देना वीजा नियमों का उल्लंघन है। इससे न सिर्फ वर्तमान वीजा रद्द हो सकता है, बल्कि भविष्य में भी अमेरिका में पढ़ाई या काम करने का मौका हाथ से निकल सकता है।
छात्रों को सलाह दी गई है कि किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए वे अपने वीजा की शर्तों का सख्ती से पालन करें और अपना स्टूडेंट स्टेटस बनाए रखें।




Add comment