Edinbox Hindi

राजस्थान बोर्ड 10वीं के नतीजे घोषित; 93.6% बच्चे पास, छात्राएं रहीं छात्रों से आगे  

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने कक्षा 10वीं के नतीजे घोषित कर दिए हैं। परिणाम बोर्ड मुख्यालय अजमेर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जारी किया गया। इस दौरान बोर्ड अध्यक्ष और राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी उपस्थित रहे।

इस साल करीब 11 लाख छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। रिजल्ट के साथ ही बोर्ड ने कुल पास प्रतिशत, टॉपर्स की सूची, और लड़कों-लड़कियों के प्रदर्शन से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 6 मार्च से 4 अप्रैल 2025 के बीच आयोजित की गई थीं।

माध्यमिक और माध्यमिक व्यावसायिक परीक्षा में कुल 10,94,186 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,71,460 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इस परीक्षा का कुल परिणाम 93.60 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.16 और छात्राओं का 94.08 प्रतिशत था। कुल 5,75,554 छात्रों में से 2,69,141 छात्र और 5,18,632 छात्राओं में से 2,77,229 छात्राएं प्रथम श्रेणी में सफल हुई हैं। अलवर की शिवानी ने 98.83% अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।

राजस्थान बोर्ड 10वीं परीक्षा 2025 में कुल 5,46,370 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि 3,76,774 छात्रों को द्वितीय श्रेणी और 79,519 को तृतीय श्रेणी प्राप्त हुई। केवल पास की श्रेणी में 179 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इसके अलावा, 30,599 छात्रों को पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा।

प्रवेशिका परीक्षा 2025 में कुल 7,316 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7,099 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इस बार परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 83.67% रहा। लड़कों का परिणाम 82.01% रहा, जबकि लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 85.03% की सफलता दर हासिल की। प्रवेशिका परीक्षा में 3,310 छात्रों में से 643 छात्र और 4,006 छात्राओं में से 974 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई है।

रिजल्ट जारी होने के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जो छात्र इस बार परीक्षा में सफल नहीं हो सके, उन्हें निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि अगले प्रयास के लिए और मेहनत करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अच्छे अंकों से उत्तीर्ण छात्रों से विनम्र बने रहने की अपील करते हुए कहा कि सफलता पर घमंड नहीं करना चाहिए।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed