
इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक एडमिशन का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (JoSAA) ने JoSAA काउंसलिंग 2025 का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिन छात्रों ने जेईई मेन 2025 या जेईई एडवांस्ड पास कर लिया है, वे इस काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 3 जून 2025 से शुरू होगी और उम्मीदवार JoSAA की आधिकारिक वेबसाइट josaa.nic.in पर जाकर रजिस्टर कर सकते हैं।
आईआईटी कानपुर द्वारा आयोजित जेईई एडवांस्ड 2025 परीक्षा का परिणाम 2 जून 2025 को घोषित किया जाएगा। परिणाम घोषित होने के बाद उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर देख सकते हैं। वहीं, आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट (AAT) में सफल अभ्यर्थी 8 जून से AAT-विशेष विकल्प भरना शुरू कर सकते हैं।
इस वर्ष JoSAA काउंसलिंग 2025 के माध्यम से देशभर के 23 आईआईटी, 32 एनआईटी, 26 ट्रिपल आईटी और 47 जीएफटीआई संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन मोड में संपन्न होगी। काउंसलिंग 3 जून से 28 जुलाई के बीच कुल छह चरणों में आयोजित की जाएगी।
इसमें भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को 3 जून से 12 जून शाम 5 बजे तक JoSAA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कॉलेज च्वाइस फिलिंग करनी होगी। पहले चरण की सीट अलॉटमेंट सूची 14 जून को जारी की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को पहले राउंड में सीट आवंटित होगी, उन्हें 19 जून तक ऑनलाइन रिपोर्टिंग कर सीट एक्सेप्टेंस फीस जमा करके अपनी सीट को कन्फर्म करना होगा।
इसके बाद काउंसलिंग के बाकी चरणों में क्रमशः दूसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट 21 जून, तीसरे राउंड का 28 जून, चौथे राउंड का 4 जुलाई, पांचवें राउंड का 10 जुलाई और अंतिम छठे राउंड का सीट अलॉटमेंट 16 जुलाई को जारी किया जाएगा।




Add comment