Edinbox Hindi

खान सर की रिसेप्शन पार्टी में पत्नी के घूंघट पर छिड़ी बहस, मालिनी अवस्थी ने किया समर्थन

प्रसिद्ध शिक्षक खान सर ने हाल ही में शादी कर ली है और इसके बाद उन्होंने पटना में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया। इस समारोह में बिहार समेत देश के अन्य राज्यों से कई वीवीआईपी हस्तियां शामिल हुईं। रिसेप्शन के दौरान खान सर पहली बार अपनी पत्नी के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए। खास बात यह रही कि उनकी पत्नी घूंघट में दिखाई दीं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा शुरू हो गई।

कई यूज़र्स ने इस पर सवाल उठाए। कुछ ने कहा कि खान सर खुद सामाजिक मुद्दों पर बोलते हैं, लेकिन उनकी पत्नी ने पारंपरिक घूंघट लिया। कुछ लोगों ने इसे ‘पर्दा प्रथा’ को बढ़ावा देने वाला कदम बताया और खान सर की आलोचना भी की।

मालिनी अवस्थी ने किया समर्थन
इस विवाद के बीच, जानी-मानी लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने खान सर की पत्नी का समर्थन किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए घूंघट को लेकर हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी।

मालिनी ने रिसेप्शन की दो तस्वीरें साझा कीं—एक में खान सर और उनकी पत्नी साथ हैं, दूसरी में सिर्फ उनकी पत्नी दिखाई दे रही हैं। दोनों ही तस्वीरों में उनकी पत्नी घूंघट में हैं।

मालिनी ने लिखा: “विवाह के सार्वजनिक स्वागत समारोह में एक वधू ने शालीनता से घूंघट ओढ़ लिया और इससे कुछ लोगों को आपत्ति हो गई। उन्हें, जिन्हें घूंघट के भाव को समझने की दृष्टि और सम्मान नहीं है, और जो स्वयं को नारी स्वतंत्रता का पैरोकार कहते हैं। हम कैसा नकारात्मक समय जी रहे हैं!”

उन्होंने आगे कहा, “संकोच, लज्जा और मर्यादा को समझने की दृष्टि न रखने वाले लोग संस्कारों की गहराई को नहीं समझ सकते। शिक्षा का मूल उद्देश्य संस्कार है। शादी एक पवित्र और सुंदर बंधन है। इस शुभ अवसर पर हमें नवदंपती के सुखद जीवन की कामना करनी चाहिए, न कि नीचता स्तर की बहस में उलझना चाहिए। खान सर और उनकी धर्मपत्नी को मेरी अनंत शुभकामनाएं।”

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान हुई थी शादी
गौरतलब है कि खान सर ने भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दौरान सिवान की रहने वाली एएस खान से शादी की थी। इस बात का खुलासा उन्होंने छात्रों के सामने खुद अपनी कोचिंग क्लास में किया। इसके बाद 2 जून को पटना में उनका रिसेप्शन आयोजित हुआ, जहां पहली बार वे अपनी पत्नी के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed