
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2025 (NEET UG 2025) परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। स्कोरकार्ड देखने के लिए छात्रों को एप्लिकेशन नंबर और जन्म तिथि जैसे लॉगिन डिटेल्स की जरूरत होगी। जिन छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था, वे अब मेडिकल, डेंटल और आयुष कोर्सों में प्रवेश के अगले चरण यानी काउंसलिंग की तैयारी कर सकते हैं।
नीट यूजी 2025 के टॉप रैंकर्स की सूची में राजस्थान के महेश कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर पूरे देश में टॉप किया है। उन्होंने 99.9999547 परसेंटाइल स्कोर किया है। उनके बाद मध्य प्रदेश के उत्कर्ष अवधिया को दूसरी रैंक मिली, जबकि महाराष्ट्र के कृषांग जोशी और दिल्ली के मृणाल किशोर झा ने तीसरी रैंक प्राप्त की। सभी टॉपर्स सामान्य श्रेणी से हैं।
कैटेगरी वाइज कटऑफ मार्क्स की बात करें तो इस साल नीट यूजी 2025 परीक्षा परिणाम में सामान्य / ईडब्ल्यूएस (General / EWS) वर्ग (श्रेणी) में कटऑफ स्कोर 686–144 रहा, जबकि सामान्य / ईडब्ल्यूएस – पीडब्ल्यूडी (General / EWS – PwD) वर्ग (श्रेणी) में कटऑफ स्कोर 143–127 है। ओबीसी / एससी / एसटी (OBC / SC / ST) में कटऑफ 143–113 रहा।
इस साल नीट यूजी 2025 परीक्षा 4 मई 2025 को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा भारत के 557 शहरों में 4,750 केंद्रों पर और विदेशों में 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। नीट यूजी 2025 के लिए 22.7 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें 13.76 लाख लड़कियां और 9.98 लाख लड़के शामिल हैं। इनमें से कुल 20.8 लाख परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
नीट यूजी देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसमें हर साल लाखों छात्र MBBS, BDS जैसे कोर्सों में दाखिले के लिए अपनी किस्मत आजमाते हैं। बता दें कि नीट यूजी 2025 के परिणाम से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कल ही परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी जारी की है। खास बात यह है कि इस उत्तर कुंजी में दो प्रश्नों के दो-दो सही उत्तर स्वीकार किए गए हैं। यानी अगर किसी उम्मीदवार ने इन प्रश्नों में दिए गए किसी एक सही विकल्प को चुना है, तो उसे पूर्ण अंक दिए जाएंगे।
भारत में एमबीबीएस कोर्स के लिए कुल 1,18,190 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें से 1,15,250 सीटों पर शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान दाखिला हुआ, जो कि कुल सीटों का लगभग 97.5% है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) नीट यूजी 2025 के जरिए 15% AIQ (All India Quota) के तहत MBBS और BDS सीटों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया संचालित करती है।
नीट यूजी 2025 का रिजल्ट जारी होते ही मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) केंद्रीय स्तर पर 15% ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया की शुरुआत करेगी। इस प्रक्रिया के तहत देशभर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं, शेष 85% राज्य कोटा सीटों के लिए संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरण अपने-अपने कार्यक्रम जारी करेंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने राज्य के आधिकारिक पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें, क्योंकि पात्रता, आरक्षण और कट-ऑफ जैसे नियम हर राज्य में अलग-अलग होते हैं।
NEET UG 2025 का रिजल्ट चेक करने का आसान स्टेप्स
– सबसे पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाना होगा।
– होमपेज पर आपको “NEET UG 2025 Result” लिंक (एक्टिव होने के बाद) पर क्लिक करना होगा।
– अब अपने एडमिट कार्ड नंबर और जन्म तिथि जैसे क्रेडेंशियल्स दर्ज करें।
– रिजल्ट स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा, जिसे डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं।




Add comment