
अगर आप अब तक सीएसआईआर यूजीसी नेट जून 2025 के लिए आवेदन नहीं कर पाए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों को राहत देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 26 जून 2025 रात 11:59 बजे तक कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार csirnet.nta.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क का भुगतान 27 जून तक किया जा सकेगा, जबकि करेक्शन विंडो 28 और 29 जून को खुलेगी, जिसमें उम्मीदवार अपने फॉर्म में आवश्यक सुधार कर सकते हैं।
यह परीक्षा 26, 27 और 28 जुलाई 2025 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी और हिंदी दोनों होगा, और इसकी अवधि 180 मिनट यानी तीन घंटे होगी। पेपर में बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में पांच विषय होंगे: रसायन विज्ञान, पृथ्वी, वायुमंडलीय, महासागर और ग्रह विज्ञान, जीवन विज्ञान, गणितीय विज्ञान, और भौतिक विज्ञान।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे केवल एक ही बार आवेदन फॉर्म भरें, क्योंकि एक से अधिक आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा जून-2025 का उद्देश्य भारतीय नागरिकों की जूनियर रिसर्च फेलोशिप, सहायक प्रोफेसर पद पर नियुक्ति और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता निर्धारित करना है।
सीएसआईआर नेट जून 2025 के लिए आवेदन करने वाले सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों 1,150 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि सामान्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और विकलांग व्यक्ति (PWD) श्रेणियों के उम्मीदवारों को 325 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जल्द से जल्द फॉर्म भर लें और सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।




Add comment