
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2025 का रिजल्ट 14 जून को जारी कर दिया है। रिजल्ट आने के बाद अब छात्रों की नजरें काउंसलिंग प्रक्रिया पर टिकी हैं। ऐसे में एक सवाल हर NEET पास करने वाले छात्र के मन में ज़रूर उठता है — देश के किस राज्य में MBBS की सबसे ज्यादा सीटें हैं?
अगर आपने भी NEET 2025 की परीक्षा दी थी और सफल हुए हैं, तो आपके लिए यह जानकारी बेहद ज़रूरी है। चलिए आपको बताते हैं MBBS सीटों के लिहाज़ से देश के टॉप राज्यों की स्थिति क्या है।
MBBS सीटों के मामले में कर्नाटक सबसे आगे
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के आंकड़ों के अनुसार, कर्नाटक वो राज्य है जहां MBBS की सबसे ज्यादा 12,545 सीटें उपलब्ध हैं। यहां सरकारी और निजी दोनों प्रकार के मेडिकल कॉलेज बड़ी संख्या में मौजूद हैं, जो इसे टॉप पर लाता है।
उत्तर प्रदेश दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर
सीटों की संख्या के लिहाज से उत्तर प्रदेश दूसरे नंबर पर है, जहां कुल 12,475 MBBS सीटें हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर तमिलनाडु आता है, जहां MBBS के लिए 12,050 सीटें उपलब्ध हैं।
इन तीनों राज्यों के बाद महाराष्ट्र, तेलंगाना, गुजरात और आंध्र प्रदेश का नंबर आता है, जहां MBBS के लिए अच्छी-खासी संख्या में सीटें हैं।
देशभर में कुल कितनी MBBS सीटें हैं?
NMC द्वारा जारी हालिया नोटिस के मुताबिक, पूरे भारत में MBBS की कुल 1,18,190 सीटें हैं। यह संख्या हर साल थोड़ी-थोड़ी बढ़ रही है, क्योंकि सरकार नए मेडिकल कॉलेज खोलने पर ज़ोर दे रही है।
एक और दिलचस्प तथ्य यह है कि भले ही MBBS सीटों के मामले में कर्नाटक आगे हो, लेकिन मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर है।




Add comment