
संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (JoSAA) ने इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए तीसरे राउंड की काउंसलिंग का सीट आवंटन परिणाम जारी कर दिया है। सीट आवंटन का यह परिणाम JoSAA की आधिकारिक वेबसाइट josaa.nic.in पर देखा जा सकता है। उम्मीदवारों को अपनी आवेदन संख्या और पासवर्ड दर्ज कर लॉगिन करना होगा।
जिन उम्मीदवारों को राउंड 3 में सीट आवंटित हुई है, उन्हें 4 जुलाई 2025 की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन रिपोर्टिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस प्रक्रिया के तहत उन्हें जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और सीट स्वीकृति शुल्क का भुगतान करना होगा। JoSAA की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी उम्मीदवार को दस्तावेज सत्यापन या शुल्क भुगतान से संबंधित कोई समस्या आती है, तो वे इसे 5 जुलाई की शाम 5 बजे तक ठीक कर सकते हैं।
दस्तावेजों की सूची जारी
JoSAA ने काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी जारी की है। उम्मीदवारों को अपने पास निम्नलिखित दस्तावेज तैयार रखने होंगे:
– प्रारंभिक (अनंतिम) सीट आवंटन पत्र
– सीट स्वीकृति पत्र (ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन के बाद जारी)
– कक्षा 10वीं की अंकतालिका या प्रमाण पत्र
– जन्म प्रमाण पत्र (यदि 10वीं में जन्मतिथि का उल्लेख न हो)
– कक्षा 12वीं की मार्कशीट या प्रमाण पत्र
– श्रेणी प्रमाण पत्र (SC, ST, OBC-NCL, EWS के लिए, निर्धारित प्रारूप में)
– दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
– आधार कार्ड
– विदेशी नागरिकों के लिए पासपोर्ट या OCI/PIO कार्ड
– आय प्रमाण पत्र (उन अभ्यर्थियों के लिए जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ₹5 लाख से कम है)
इन स्टेप्स को करना होगा पूरा
सीट आवंटन के बाद उम्मीदवारों को सबसे पहले josaa.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देखना होगा और फिर अपनी सीट को लेकर “फ्रीज”, “स्लाइड” या “फ्लोट” विकल्प में से किसी एक का चयन करना होगा। इसके बाद उन्हें तय समय सीमा के भीतर सीट स्वीकृति शुल्क जमा करना होगा, दस्तावेज अपलोड करने होंगे, और ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया में भाग लेना होगा। उम्मीदवारों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी शुल्क समय पर जमा कर दिए गए हों ताकि संस्थान में अंतिम रूप से प्रवेश की पुष्टि की जा सके।
JoSAA काउंसलिंग की यह प्रक्रिया भारत के प्रमुख तकनीकी संस्थानों – जैसे कि IITs, NITs, IIITs और GFTIs – में दाखिले के लिए की जा रही है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सभी दिशानिर्देशों का पालन करें और समयसीमा के भीतर सभी कार्यवाही पूरी करें, ताकि उनका प्रवेश सुरक्षित रहे।




Add comment