
आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री यशस्वी स्कॉलरशिप योजना 2025 (PM YASASVI Scholarship 2025) के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह योजना विशेष रूप से ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदाय के छात्रों के लिए तैयार की गई है जो कक्षा 9वीं या 11वीं में अध्ययनरत हैं और देश के शीर्ष प्रदर्शन वाले स्कूलों में पढ़ते हैं।
योजना के अंतर्गत केवल वे छात्र पात्र होंगे जिनके स्कूल ने लगातार कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 100 प्रतिशत परिणाम दिया हो। इसके साथ ही, छात्र के माता-पिता की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से कम होनी चाहिए।
छात्रवृत्ति की राशि
योजना के तहत कक्षा 9 में पढ़ने वाले छात्रों को ₹75,000, जबकि कक्षा 11 में अध्ययनरत छात्रों को ₹1,25,000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से सीधे छात्र के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे वितरण में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित की जा सके।
आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक और पात्र छात्र 31 अगस्त 2025 तक इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। समय रहते आवेदन करना आवश्यक है ताकि छात्र इस लाभकारी योजना से वंचित न रह जाएं।
आवेदन प्रक्रिया ऐसे करें
– छात्र को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) की वेबसाइट scholarships.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा।
– इसके लिए पहले “NSP OTR” ऐप (Google Play Store पर उपलब्ध) को डाउनलोड करें।
– ऐप के माध्यम से आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन कराना होगा, जिससे वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) नंबर जनरेट किया जा सके।
– आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य है। यदि छात्र नाबालिग है या उसका आधार सक्रिय नहीं है, तो माता-पिता का आधार नंबर इस्तेमाल किया जा सकता है।
कौन कर सकते हैं आवेदन?
– केवल ओबीसी समुदाय से संबंधित छात्र
– परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से कम हो
– छात्र कक्षा 9 या 11 में पढ़ रहा हो
– छात्र ऐसे स्कूल में पढ़ता हो, जिसने लगातार 10वीं और 12वीं में 100% बोर्ड रिजल्ट दिया हो
इस योजना के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के छात्र भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें और अपने भविष्य को सशक्त बना सकें। ऐसे में योग्य छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर आवेदन करें और योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।




Add comment