
शैक्षणिक सत्र 2025-26 से दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों की हर कक्षा में कम से कम एक सेक्शन अंग्रेजी माध्यम में अनिवार्य रूप से संचालित किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी स्कूल प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
अब कक्षा 1 से लेकर ऊपर तक के सभी स्तरों पर क्षेत्रीय भाषाओं को छोड़कर बाकी सभी विषय अंग्रेजी में पढ़ाए जाएंगे। छात्रों को इन सेक्शनों में उनकी इच्छा और योग्यता के आधार पर दाखिला मिलेगा।
संपूर्ण व्यवस्था और निगरानी के निर्देश
सर्वोदय स्कूलों में पहले से अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन अब यह व्यवस्था सभी सरकारी स्कूलों में लागू होगी। स्कूलों को इन अंग्रेजी माध्यम सेक्शनों के लिए जरूरी शिक्षण सामग्री भी अंग्रेजी में उपलब्ध करानी होगी।
शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला और क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस योजना के क्रियान्वयन पर नजर रखें और स्कूलों को हरसंभव सहयोग दें।
पूर्ववर्ती दिशा-निर्देशों का विस्तार
निदेशालय ने 2014 और 2018 के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि पहले भी अंग्रेजी माध्यम को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए गए थे। वर्ष 2014 में निर्देश दिया गया था कि कक्षा 5 से अंग्रेजी माध्यम का एक सेक्शन शुरू किया जाए, और सामाजिक विज्ञान की पढ़ाई अंग्रेजी में हो।
हालांकि, 2018 की समीक्षा में पाया गया कि कई स्कूलों में कक्षा 6 के लिए अंग्रेजी माध्यम सेक्शन नहीं है। इसके बाद निर्देश दिए गए कि इसे चरणबद्ध तरीके से सभी कक्षाओं में लागू किया जाए।
अब 2025-26 से यह व्यवस्था पूर्ण रूप से अनिवार्य कर दी गई है।




Add comment