
दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DTU) जल्द ही हाइब्रिड और ऑनलाइन मोड में शॉर्ट, मीडियम और लॉन्ग टर्म अवधि के सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी में है। ये कार्यक्रम डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, पब्लिक पॉलिसी, एचआर मैनेजमेंट, इकोनॉमिक्स और बिजनेस एनवायरनमेंट, फाइनेंस और अकाउंटिंग, एआई और बिजनेस में सूचना प्रणाली, मार्केटिंग और मैनेजमेंट कम्युनिकेशन जैसे विषयों पर केंद्रित होंगे।
इस पहल के संचालन के लिए डीटीयू ने एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है। डीन, डिजिटल एजुकेशन प्रो. एस. इंदु के अनुसार, यह कार्यक्रम मुख्य रूप से कामकाजी पेशेवरों, छात्रों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किए जा रहे हैं। कुलपति प्रो. प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में तैयार की गई इस परियोजना का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करना है, ताकि शिक्षा सभी के लिए सुलभ और सुविधाजनक बन सके।
प्रारंभ में छह माह की अवधि वाले सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिनकी कक्षाएं रविवार को आयोजित की जाएंगी। भविष्य में ऑनलाइन मोड में एमबीए इन बिजनेस एनालिटिक्स जैसे प्रोग्राम भी शुरू करने की योजना है। इसके अलावा क्वांटम सिक्योरिटी, रिन्यूएबल एनर्जी और बिजनेस एचआर जैसे नए कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
डीटीयू इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए एक योग्य एजेंसी की सेवाएं लेगा जो कोर्स लागू करने, छात्र नामांकन, मार्केटिंग, परीक्षा संचालन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाएगी। उम्मीद की जा रही है कि इस डिजिटल पहल से न केवल शहरी क्षेत्रों के बल्कि दूरदराज के छात्रों को भी उच्च गुणवत्ता की शिक्षा का अवसर मिलेगा।




Add comment