
दिल्ली के तीन अलग-अलग स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, जिससे अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूलों की तलाशी ली, हालांकि अब तक कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है।
धमकी में शामिल स्कूलों में चाणक्यपुरी, द्वारका सेक्टर-16 और प्रशांत विहार स्थित स्कूल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे बम की सूचना की कॉल मिली, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि द्वारका नॉर्थ थाने को सुबह बम की धमकी की पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें सीआरपीएफ स्कूल को निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी। इसके तुरंत बाद सुरक्षा टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
साइबर सेल के विशेषज्ञ ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटे हैं। स्कूल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि पिछले साल भी दिल्ली के 40 से ज्यादा स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिली थीं, जिनमें से कुछ मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की थी, लेकिन कई धमकियां फर्जी साबित हुईं और पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनी रही।




Add comment