
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने एक ओर यूजीसी से मान्यता प्राप्त ऑनलाइन और ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ODL) पाठ्यक्रमों की शुरुआत कर उच्च शिक्षा के नए द्वार खोले हैं, तो वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय के छात्रों ने UGC-NET, JRF और पीएचडी पात्रता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश भर में गोरखपुर का नाम रोशन किया है।
ODL पाठ्यक्रमों की शुरुआत
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने ODL कोर्सेज की औपचारिक शुरुआत करते हुए कहा कि यह पहल दूर-दराज के विद्यार्थियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। अब छात्र घर बैठे ही बी.कॉम, एम.कॉम, बीबीए, एमबीए, एम.ए. (अंग्रेजी) आदि डिग्री कोर्स कर सकेंगे।
इन कोर्सों में अंतरराष्ट्रीय नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे 245 देशों के छात्र नामांकन ले सकते हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे, जिससे उन्हें शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उद्योग का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
UGC-NET/JRF परीक्षा में बड़ी सफलता
जून 2025 में आयोजित UGC-NET/JRF परीक्षा में विश्वविद्यालय के 150 से अधिक छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें से दो दर्जन से ज्यादा छात्र JRF के लिए चयनित हुए हैं। राजनीतिशास्त्र विभाग की शोधार्थी श्रेया द्विवेदी ने राष्ट्रीय स्तर पर 21वीं रैंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
विश्वविद्यालय की रणनीतियाँ बनीं सफलता की कुंजी
इस सफलता के पीछे विश्वविद्यालय द्वारा समय-समय पर करवाई गईं सुविधाएं रही हैं, जैसे- मॉक टेस्ट और नेट कार्यशालाएं, करियर काउंसलिंग, डिजिटल लाइब्रेरी, शोध-आधारित शिक्षण, फैकल्टी डेवेलपमेंट प्रोग्राम (FDP) आदि।
प्रो. अनुभूति दुबे ने बताया कि यह उपलब्धि सभी विभागों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है और भविष्य में इससे भी अधिक छात्रों की सफलता की उम्मीद की जा रही है।
प्रवेश प्रक्रिया: ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू
विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। कुल 44 पाठ्यक्रमों में से 13 पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में संयुक्त रूप से होगी।
प्रमुख पाठ्यक्रमों में शामिल हैं:
बी.ए.एलएलबी – 6 महाविद्यालय
बीबीए – 5 महाविद्यालय
बीसीए – 8 महाविद्यालय
बीकॉम (ऑनर्स) – 2 महाविद्यालय
बीएससी (कृषि) – 3 महाविद्यालय
एलएलबी, एमएड., एमएससी (गणित/भौतिकी), एमकॉम, एमए (अंग्रेजी), बीपीएड., बीए (ऑनर्स) – चयनित संस्थानों में उपलब्ध




Add comment