Edinbox Hindi

पीएम मोदी ने भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों पर जताई खुशी, ओलंपियाड में बढ़ते वर्चस्व को बताया गौरव की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जुलाई संस्करण में भारत की वैज्ञानिक, अकादमिक और नवाचार से जुड़ी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

अंतरराष्ट्रीय रसायन ओलंपियाड में भारतीय छात्रों का जलवा
प्रधानमंत्री ने हाल ही में आयोजित इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की शानदार सफलता का जिक्र करते हुए देवेश पंकज, संदीप कुची, देबदत्त प्रियदर्शी और उज्ज्वल केसरी को विशेष बधाई दी। इन छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

गणित में भी भारत की चमक
पीएम मोदी ने बताया कि गणित के क्षेत्र में भी भारत की पकड़ मजबूत हो रही है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित इंटरनेशनल मैथमेटिकल ओलंपियाड (IMO) में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। यह देश की अकादमिक प्रतिभा का प्रतीक है।

INSPIRE-MANAK योजना: बच्चों के नवाचार को मंच
प्रधानमंत्री ने INSPIRE-MANAK कार्यक्रम का भी उल्लेख किया, जो स्कूली बच्चों को नवाचार के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने की एक बड़ी पहल है। इस योजना के तहत हर स्कूल से पांच प्रतिभावान छात्रों का चयन किया जाता है, जो अपने नए और मौलिक विचार प्रस्तुत करते हैं। पीएम मोदी ने बताया कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद इस योजना में भाग लेने वाले बच्चों की संख्या में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है।

भारत में अब तक का सबसे बड़ा खगोल विज्ञान ओलंपियाड
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि अगले महीने मुंबई में इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमी और एस्ट्रोफिजिक्स ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा। इसमें 60 से अधिक देशों के छात्र भाग लेंगे और यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इस अवसर पर कई प्रमुख वैज्ञानिकों की उपस्थिति भी रहेगी।

‘ओलंपिक से ओलंपियाड तक’ भारत का बढ़ता कदम
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने गर्व से कहा, “भारत अब सिर्फ ओलंपिक में नहीं, ओलंपियाड में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।”

यह बयान न केवल देश की वैश्विक पहचान को मजबूत करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान, गणित और नवाचार के क्षेत्र में प्रेरित करने का संदेश भी देता है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed