
ओडिशा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट सोमवार को हैक कर लिया गया। इस साइबर हमले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है और प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने का निर्णय लिया गया है।
विभाग की ओर से जारी नोट में कहा गया कि “आज सुबह कुछ समय के लिए उच्च शिक्षा विभाग का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया था। इस दौरान अकाउंट से विभाग की गतिविधियों से असंबंधित कुछ पोस्ट अपलोड कर दी गईं।”
त्वरित कार्रवाई में अकाउंट किया गया रिकवर
जैसे ही यह घटना विभाग के संज्ञान में आई, अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम अकाउंट को रिकवर किया और गैर-संबंधित पोस्ट्स को हटा दिया गया।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया- “हमने इस घटना को गंभीरता से लिया है और इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया है।”
रेवेनशॉ विश्वविद्यालय की वेबसाइट भी हैक
इसी बीच, कटक से एक रिपोर्ट में सामने आया है कि रेवेनशॉ विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट भी हैक कर ली गई है। इस दूसरी घटना ने राज्य की साइबर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राज्य सरकार अब दोनों मामलों की जांच कर रही है और साइबर अपराध से जुड़े संभावित स्रोतों को चिन्हित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।




Add comment