Edinbox Hindi

राजस्थान में सीएसआईआर नेट का पेपर लीक! छात्रों ने किया परीक्षा का बहिष्कार, दोबारा पेपर कराने की मांग  

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित CSIR UGC NET जून 2025 की परीक्षा सोमवार, 28 जुलाई को देशभर में आयोजित की गई। इस बीच राजस्थान के अलवर जिले में स्थित मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर (MITRC) में परीक्षा को लेकर भारी अव्यवस्था और पेपर लीक का संदेह सामने आया है।

तकनीकी गड़बड़ियों के चलते पेपर में देरी
परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। छात्रों का आरोप है कि आधे से अधिक कंप्यूटर काम नहीं कर रहे थे, बार-बार शटडाउन और सर्वर डाउन की समस्याएं आ रही थीं। परीक्षा शुरू होने के बाद भी तकनीकी दिक्कतें जारी रहीं, जिससे छात्र बुरी तरह परेशान हो गए।

छात्रों का पेपर बहिष्कार, हंगामा
लगातार समस्याओं से नाराज़ होकर छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। करीब 200 अभ्यर्थी इस केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन 10:30 बजे के बाद बड़ी संख्या में छात्र बाहर आ गए और सेंटर के बाहर विरोध प्रदर्शन और हंगामा शुरू कर दिया।

पेपर लीक का आरोप और कॉलेज प्रबंधन पर सवाल
छात्रों ने न सिर्फ तकनीकी खामियों की शिकायत की, बल्कि परीक्षा लीक होने का संदेह भी जताया। अभ्यर्थियों ने बताया कि समय पर रोल नंबर नहीं दिए गए, माउस और कीबोर्ड काम नहीं कर रहे थे, और कंप्यूटर से प्रश्न गायब हो रहे थे। केंद्र पर इनविजिलेटर की अनुपस्थिति ने छात्रों की चिंता और बढ़ा दी।

बता दें कि यह संस्थान मुंडावर के पूर्व विधायक मंजीत चौधरी का है, और उनके भाई अमित चौधरी कॉलेज का संचालन करते हैं। इससे कॉलेज प्रशासन की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है।

स्थिति संभालने के लिए पुलिस की मदद ली गई
परीक्षा केंद्र पर हालात बिगड़ते देख पुलिस को बुलाना पड़ा। हालांकि पुलिस ने छात्रों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वे दोबारा परीक्षा देने को तैयार नहीं हुए। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू हुई थी और दोपहर 12 बजे तक चलनी थी, लेकिन बहिष्कार के कारण अधिकांश छात्र परीक्षा पूरी नहीं कर सके।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed