Edinbox Hindi

दिल्ली के स्कूलों को फिर बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-फायर टीम अलर्ट

दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को एक बार फिर राजधानी के कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले। जानकारी के अनुसार द्वारका सेक्टर-5, प्रसाद नगर समेत छह स्कूलों को बम धमाके की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और एहतियातन स्कूलों को खाली कर बच्चों को घर भेज दिया गया।

दिल्ली अग्निशमन विभाग ने बताया कि अलग-अलग इलाकों के स्कूलों में धमकी भरे मेल मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें प्रसाद नगर स्थित आंध्र एजुकेशन सोसाइटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, द्वारका सेक्टर-5 का बीजीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, छावला का राव मान सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, द्वारका सेक्टर-1 का मैक्सफोर्ट स्कूल और द्वारका सेक्टर-10 का इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं।

यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे एक दिन पहले बुधवार को भी 55 से ज्यादा स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई थी, जिनमें द्वारका का राहुल मॉडल स्कूल, मैक्सफोर्ट स्कूल, मालवीय नगर का एसकेवी और प्रसाद नगर का आंध्रा स्कूल शामिल थे। तलाशी अभियान के बाद किसी भी जगह कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।

इससे पहले 18 अगस्त को भी दिल्ली के 32 स्कूलों को इसी तरह धमकी भरे मेल मिले थे। इसके अलावा द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज को भी पहले बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। मई 2024 में भी डीपीएस द्वारका सहित कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed