
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी दाखिले की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी और इसे यूजीसी की गाइडलाइन के आधार पर तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
पहली श्रेणी (ब्लॉक A) में वे उम्मीदवार शामिल होंगे जिन्होंने जेआरएफ (JRF) हासिल किया है और असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के योग्य हैं। दूसरी श्रेणी (ब्लॉक B) में ऐसे उम्मीदवार होंगे जो असिस्टेंट प्रोफेसर पद के योग्य हैं और पीएचडी में दाखिला ले सकते हैं। तीसरी श्रेणी में केवल पीएचडी के लिए पात्र उम्मीदवार शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि ब्लॉक B के उम्मीदवारों के लिए यूजीसी/सीएसआईआर नेट का स्कोर एक वर्ष तक मान्य रहेगा। पहले चरण में दिसंबर 2024 और जून 2025 में नेट पास करने वाले उम्मीदवार शामिल होंगे, जबकि दूसरे चरण में जून 2025 और दिसंबर 2025 में परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे।
सीटों का वितरण
अधिसूचना के अनुसार, विभागों को हर साल अग्रिम रूप से उपलब्ध सीटों की जानकारी देनी होगी। पहले चरण में कुल सीटों का 60% और दूसरे चरण में 40% सीटें आवंटित होंगी। यदि पहले चरण में सीटें खाली रह जाती हैं तो उन्हें दूसरे चरण में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
मेरिट निर्धारण
मेरिट सूची राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर बनेगी। परीक्षा में प्राप्त अंकों को 70% और साक्षात्कार को 30% वेटेज दिया जाएगा। यह नियम सभी श्रेणियों पर समान रूप से लागू होगा। हर चरण में पहले ब्लॉक A (जेआरएफ वाले उम्मीदवार) को प्राथमिकता दी जाएगी।




Add comment