
एमबीबीएस और बीडीएस कोर्सेज में दाखिले के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमिटी (MCC) की नीट यूजी काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है। इसी बीच एमसीसी ने उम्मीदवारों को बड़ी राहत दी है। अब राउंड-1 में रिपोर्ट की गई सीट से बिना सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त हुए इस्तीफा दिया जा सकता है।
सीट छोड़ने की अंतिम तिथि
एमसीसी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, उम्मीदवार 21 अगस्त 2025 सुबह 11:00 बजे से 25 अगस्त 2025 शाम 5:00 बजे तक अपनी सीट छोड़ सकते हैं। इस दौरान आवंटित कॉलेज में शारीरिक रूप से रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य प्रक्रिया
एमसीसी ने स्पष्ट किया है कि इस्तीफा तभी मान्य होगा जब संबंधित कॉलेज इसे एमसीसी के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करेगा। यदि कॉलेज पोर्टल पर इस्तीफा अपलोड नहीं करता है, तो त्यागपत्र ‘अमान्य’ माना जाएगा।
8,000 नई मेडिकल सीटों की संभावना
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के प्रमुख डॉ. अभिजीत शेट ने हाल ही में जानकारी दी है कि शैक्षणिक सत्र 2025–26 में एमबीबीएस और पीजी दोनों स्तरों पर लगभग 8,000 नई सीटें जोड़ी जा सकती हैं।
वर्तमान सीटों की स्थिति
फिलहाल भारत में एमबीबीएस (UG) की कुल 1,18,098 सीटें हैं, जिनमें से 59,782 सरकारी और 58,316 निजी कॉलेजों में उपलब्ध हैं। वहीं, पीजी की कुल 53,960 सीटों में 30,029 सरकारी और 23,931 निजी कॉलेजों की सीटें शामिल हैं।




Add comment