
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देशभर के उच्च शिक्षा संस्थानों से आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 को विशेष जोश और उत्साह के साथ मनाने का आग्रह किया है। खेल मंत्रालय के अनुसार यह दिवस 29 अगस्त को मनाया जाएगा, जो हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती का प्रतीक है। इस वर्ष की थीम “ओलंपिक स्पिरिट” रखी गई है, जिसमें उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान के साथ साहस, दृढ़ता, प्रेरणा और समानता जैसे मूल्य भी जोड़े गए हैं।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन
फिट इंडिया मिशन के तहत इस बार केवल एक दिन नहीं, बल्कि 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय विशेष आयोजन होंगे। UGC ने संस्थानों से कहा है कि 29 अगस्त को कम से कम एक घंटे की खेल और फिटनेस गतिविधियां अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं।
30 अगस्त: कॉलेज और स्कूल स्तर पर वाद-विवाद, फिटनेस टॉक्स और स्वदेशी खेलों की प्रतियोगिताएं।
31 अगस्त: ‘Sundays on Cycle’ अभियान के जरिए देशभर में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी।
आयोजन की रूपरेखा
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार—
– 29 अगस्त सुबह 7:30 बजे: सभी संस्थानों में असेंबली, मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि और छात्रों द्वारा फिट इंडिया प्रतिज्ञा।
– सुबह 8 बजे से 9 बजे तक: टीम स्पोर्ट्स और मनोरंजक खेल।
– इसी दिन सांसद अपने संसदीय क्षेत्रों में ‘खेल महोत्सव’ की शुरुआत करेंगे।
प्रतियोगिताएं और गतिविधियां
संस्थान टीम-आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित करेंगे। टीमों के नाम स्वतंत्रता सेनानियों या प्रसिद्ध खिलाड़ियों के नाम पर रखे जा सकते हैं। विजेता टीम को मेजर ध्यानचंद ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
खेलों में दौड़, क्रिकेट, टग ऑफ वॉर, साइक्लिंग, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, योग और शतरंज शामिल होंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए पैदल चलना, योग और हल्की फिटनेस प्रतियोगिताएं भी प्रस्तावित हैं।
प्रचार और सोशल मीडिया अभियान
– कार्यक्रम से दो दिन पहले प्रेस नोट जारी करना होगा।
– 20 अगस्त से पोस्टर, टीजर वीडियो और सोशल मीडिया कैंपेन शुरू होंगे।
– आयोजन के दौरान लाइव अपडेट्स साझा किए जाएंगे, जबकि बाद में रीकैप वीडियो, तस्वीरें और डिजिटल सर्टिफिकेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
– प्रचार में विशेष रूप से टैगलाइन “Ek ghanta khel ke maidaan mein!! / एक घंटा खेल के मैदान में!!” और हैशटैग #KhelegaDeshKhilegaDesh, #NSD2025 का उपयोग किया जाएगा।
पंजीकरण और रिपोर्टिंग
सभी संस्थानों को अपने कार्यक्रमों का पंजीकरण Fit India वेबसाइट पर कराना होगा। आयोजन समाप्त होने के बाद उसी पोर्टल पर भागीदारी का विवरण अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके लिए UGC और फिट इंडिया मिशन की ओर से विशेष टूलकिट और ब्रांडिंग सामग्री उपलब्ध कराई गई है।




Add comment