
उत्तर प्रदेश सरकार ने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा का सपना पूरा करने के लिए ‘यूपी अटल छात्रवृत्ति’ योजना की शुरुआत की है। बीते मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार और ब्रिटेन के ‘द फॉरेन कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस’ (FCDO) के बीच हुए एक ऐतिहासिक समझौते के तहत इसे औपचारिक रूप दिया गया। इस योजना का नाम ‘चिवनिंग–भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना’ रखा गया है। इसके तहत हर साल प्रदेश के पाँच मेधावी छात्रों को ब्रिटेन के शीर्ष विश्वविद्यालयों में मास्टर डिग्री के लिए पूर्ण स्कॉलरशिप दी जाएगी।
छात्रवृत्ति में क्या-क्या मिलेगा
अधिकारियों के अनुसार, स्कॉलरशिप में पूर्ण शिक्षण शुल्क, परीक्षा व शोध शुल्क, रहने-खाने का भत्ता और ब्रिटेन आने-जाने का हवाई किराया शामिल होगा। प्रति छात्र लगभग 45 से 48 लाख रुपये का खर्च अनुमानित है, जिसमें से 23 लाख रुपये उत्तर प्रदेश सरकार और शेष राशि एफसीडीओ वहन करेगा।
योजना की अवधि और उद्देश्य
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, शोध और नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर प्रदान करना है। यह योजना शैक्षणिक सत्र 2025-26 से शुरू होकर लगातार तीन वर्षों (2025-26, 2026-27 और 2027-28) तक लागू रहेगी। इसके बाद 2028-29 में इसे नवीनीकृत किया जाएगा।
ब्रिटिश उच्चायुक्त का बयान
ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने लखनऊ में हुए एमओयू पर हस्ताक्षर करते हुए कहा कि लखनऊ आकर इस समझौते को संपन्न करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि ‘चिवनिंग स्कॉलरशिप’ के अंतर्गत अगले तीन वर्षों तक हर साल पाँच छात्रों को ब्रिटेन में पूर्ण छात्रवृत्ति पर पढ़ाई का अवसर मिलेगा।




Add comment